Jitan Ram Manjhi, अमिताभ रंजन: गया जिले के खिजरसराय प्रखंड के सिसवर गांव में स्थित संत थॉमस इंग्लिश स्कूल के वार्षिकोत्सव पर शुक्रवार की देर शाम आयोजित समारोह में शिरकत करने आये केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर चार युवकों ने पत्थर फेंक कर हमला कर दिया. उस वक्त केंद्रीय मंत्री मंच पर भाषण दे रहे थे. अचानक हुए पथराव से केंद्रीय मंत्री भाषण बंद कर इधर-उधर देखने लगे. वहीं पत्थर के गिरने की आवाज व केंद्रीय मंत्री की हालत देख वहां मौजूद डीएसपी सुरेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो सहित केंद्रीय मंत्री के सुरक्षाकर्मियों ने उस दिशा की ओर दौड़े, जिधर से पत्थर फेंक कर हमला हुआ था.
पुलिसबलों ने हमलावरों में से दो युवकों को पकड़ लिया. माहौल शांत होने के करीब 10 मिनट के बाद फिर मंच पर पत्थर फेंक कर हमला हुआ. तब फिर सुरक्षाकर्मी उस दिशा की ओर दौड़े, जिधर से पत्थर फेंक कर हमला किया गया था. घटनास्थल पर मौजूद एसडीओ केशन आनंद व बीडीओ सहित अन्य अधिकारी वहां पहुंचे और मामले की छानबीन की और वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किया गया.
कड़ी सुरक्षा के बीच केंद्रीय मंत्री मांझी ने अपना भाषण पूरा किया और बच्चों को पुरस्कार वितरण कर वहां से निकल गये. घटना की जानकारी पाते ही एसएसपी सुशील कुमार भी एक्टिव हुए और डीएसपी सुरेंद्र सिंह से पूरी घटना की जानकारी ली. साथ ही दोषियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई करने का आदेश दिया.
कड़ी सुरक्षा में महकार को रवाना हुए केंद्रीय मंत्री
नीमचक बथानी डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है. घटना के बाद सरबहदा व महकार थाना से अतिरिक्त पुलिस बलों को बुलाया गया और कड़ी सुरक्षा में केंद्रीय मंत्री को उनके पैतृक गांव महकार ले जाया गया है. डीएसपी ने बताया कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच को लेकर हर बिंदू पर छानबीन की जा रही है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
दो दिन पहले पटना के युवक ने केंद्रीय मंत्री को धमकी देते हुए वायरल किया था वीडियो
दो दिन पहले पटना जिले के मालसलामी थाना इलाके के मारूफगंज मुहल्ले का रहनेवाला राजेश राव उर्फ सरदार ने केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को धमकी देते हुए एक वीडियो वायरल किया था. इस घटना को मगध रेंज के आइजी विकास वैभव व एसएसपी सुशील कुमार ने गंभीरता से लिया था और दारोगा के बयान पर साइबर थाने में राजेश राव उर्फ सरदार के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी और इस मामले की छानबीन की जिम्मेदारी साइबर डीएसपी एआर दानिश को सौंपा गया था.
साइबर डीएसपी ने टेक्निकल सेल की पुलिस के सहयोग से धमकी देनेवाले राजेश राव को नालंदा जिले के लहेरीसराय थाना इलाके से गिरफ्तार किया गया था. जीतनराम मांझी को उस युवक ने धमकी तब दिया था, जब पिछले सप्ताह उनकी समधन सह बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी पर मोहनपुर थाना क्षेत्र में साइड लेने के दौरान कुछ युवकों ने विधायक व उनके सुरक्षाबलों के साथ दुव्यहार व मारपीट किया था.
इसी मामले को लेकर जीतन राम मांझी ने अपने समधन के पक्ष में बयान दिया था, उसी बयान से उग्र होकर राजेश राव ने जीतनराम मांझी को धमकी भरा वीडियो वायरल किया था.
इसे भी पढ़ें: क्या IPL में दिखेगी बिहार की टीम? अनिल अग्रवाल की मांग पर सम्राट चौधरी ने कही ये बात
