राघोपुर (सुपौल) से रिपोर्ट
Women Financial Awareness Workshop: सामाजिक एवं आर्थिक विकास कार्यक्रम के तहत सिमराही स्थित एक होटल परिसर में महिलाओं की आर्थिक जागरूकता विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में महिलाओं को वित्तीय साक्षरता, डिजिटल भुगतान की सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई.
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन राघोपुर थाना के एसआई मुकुल आजाद, मनु फाउंडेशन के ट्रस्टी वैद्य रीतेश मिश्र, क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के डिवीजन मैनेजर अमित कुमार गुप्ता, मो. मुश्ताक अहमद, रविशंकर सिंह तथा क्षेत्रीय प्रबंधक अभिमन्यु कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
आर्थिक जागरूकता समय की आवश्यकता : वैद्य रीतेश मिश्र
मनु फाउंडेशन के ट्रस्टी वैद्य रीतेश मिश्र ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे छोटे-छोटे ऋण ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज के समय में आर्थिक रूप से जागरूक होना बेहद जरूरी है. मोबाइल फोन अब डिजिटल बटुए का रूप ले चुका है, इसलिए उसकी सुरक्षा और डिजिटल भुगतान के दौरान विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए.
साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय
राघोपुर थाना के एसआई मुकुल आजाद ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि संदिग्ध कॉल, मैसेज और लिंक से हमेशा सतर्क रहें. ऋण दिलाने या उपलब्ध कराने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को अग्रिम राशि नहीं दें और किसी भी तरह की वित्तीय जानकारी साझा करने से बचें.
मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं श्वेता कुमारी, श्रुति कुमारी, सृष्टि कुमारी एवं चंदन मल्लिक को 10-10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति तथा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.
बड़ी संख्या में महिलाओं ने लिया भाग
कार्यक्रम में मैनेजर दीपक कुमार पंडित, सुमित कुमार पंडित, छोटू कुमार, रौशन कुमार यादव, अविनाश कुमार सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया.
