Supaul Crime News: जदिया (सुपौल). बघेली पंचायत के वार्ड संख्या सात में सोमवार सुबह बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई. घायल महिला आभा देवी ने अपने भैसुर कामेश ऋषिदेव और गोतनी कविता देवी पर गाली-गलौज, मारपीट और गर्म तवे से हमला करने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बच्चों के विवाद के बाद शुरू हुई कहासुनी
जख्मी आभा देवी ने बताया कि उनके पति रूपेश ऋषिदेव मजदूरी के लिए पंजाब गए हुए हैं और वह अपने बच्चों के साथ घर पर रहती हैं. सोमवार सुबह बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी को लेकर उनके भैसुर कामेश ऋषिदेव और गोतनी कविता देवी के साथ उनकी कहासुनी शुरू हो गई.
गर्म तवे से प्रहार करने का आरोप
आभा देवी का आरोप है कि कहासुनी के बाद भैसुर और गोतनी ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान गोतनी ने चूल्हे पर रखा गर्म तवा उठाकर उनकी ओर प्रहार कर दिया. महिला के अनुसार, वह जान बचाकर भागने लगीं और इसी दौरान गर्म तवा उनकी बांह और अंगुली में लग गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी.
पुलिस ने अस्पताल भेजकर कराया इलाज
घटना के बाद आभा देवी किसी तरह जदिया थाना पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी. महिला की स्थिति देखते हुए पुलिस ने उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज भेजा. अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार किया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
Supaul Crime News: घटना को लेकर पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पीड़िता ने आरोपित भैसुर और गोतनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने बताया कि घायल महिला को उपचार के लिए त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया है और घटना की जांच की जा रही है.
