Supaul Nasha Mukti Abhiyan: कटैया-निर्मली (सुपौल). पिपरा प्रखंड क्षेत्र के तुलापट्टी पंचायत स्थित लालपट्टी गांव में शनिवार को नशा मुक्ति अभियान को लेकर हनुमान मंदिर परिसर में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सैकड़ों लोगों ने गांव को शराब, गांजा, स्मैक समेत अन्य मादक पदार्थों से मुक्त कराने का संकल्प लिया. ग्रामीणों ने नशे के कारोबार पर सामाजिक स्तर से रोक लगाने का निर्णय लिया.
नशा बेचने पर 51 हजार रुपये का सामाजिक दंड
बैठक में ग्रामीणों ने नशे के कारोबार के खिलाफ कड़ा सामाजिक निर्णय लिया. पूर्व मुखिया लक्ष्मीकांत भारती, समिति सदस्य वीरेंद्र शर्मा समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सूखा नशा बेचते पकड़े जाने वाले व्यक्ति पर 51 हजार रुपये का सामाजिक दंड लगाया जाएगा. वहीं नशा खरीदते पकड़े जाने पर 5100 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया है.
सामाजिक नियम सभी पर होंगे लागू
ग्रामीणों ने कहा कि तय किए गए सामाजिक नियम सभी लोगों पर समान रूप से लागू होंगे. नशे की खरीद-बिक्री या सेवन से संबंधित मामला सामने आने पर सामाजिक स्तर पर कार्रवाई के साथ इसकी सूचना संबंधित प्रशासन को भी दी जाएगी. ग्रामीणों का उद्देश्य गांव में नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना है.
जागरूकता जुलूस निकालकर दिया नशामुक्ति का संदेश
बैठक के बाद ग्रामीणों ने गांव में जागरूकता जुलूस निकाला. जुलूस के माध्यम से लोगों से नशे से दूर रहने और किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री नहीं करने की अपील की गई. ग्रामीणों ने कहा कि नशे का बढ़ता प्रचलन समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है और इसका सबसे अधिक असर युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है.
युवा पीढ़ी को बचाने के लिए सामूहिक पहल
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नशे की लत के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. इसके साथ ही परिवारों में विवाद और कई सामाजिक समस्याएं भी बढ़ती हैं. उन्होंने कहा कि केवल प्रशासनिक कार्रवाई से नशे पर पूरी तरह अंकुश लगाना संभव नहीं है, इसके लिए समाज की सामूहिक भागीदारी भी जरूरी है.
शांति और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प
ग्रामीणों ने गांव में शांति, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने का भी संकल्प लिया. उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति किसी एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है. अभियान को लगातार जारी रखते हुए प्रत्येक परिवार तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने का निर्णय लिया गया.
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
Supaul Nasha Mukti Abhiyan: बैठक में दीपक कुमार, मो. अली, सुरेश नायक मंडल, नंदकिशोर कुमार, रंजीत ठाकुर, चिंटू कुमार, राजेश ठाकुर, नवीन कुमार, विपिन कुमार, कुंदन कुमार, परेश कुमार, मो. जलील, सीताराम शर्मा, देव नारायण मंडल, प्रेम कुमार, संतोष कुमार, राकेश कुमार मंडल, पवन कुमार, नीलकंठ, कन्हैया मंडल, राहुल कुमार, राजेंद्र मंडल, अजीत कुमार दास, रविंद्र मंडल, भास्कर शर्मा, राजू कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
