आग लगने से दो घर जले, लाखों की संपत्ति का नुकसान

जानकारी मुताबिक बीती रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद अपने अपने घरों में सो गए थे. इसी बीच अचानक घर में आग लग गयी

बलुआ बाजार. छातापुर प्रखंड क्षेत्र के बलुआ पंचायत वार्ड नंबर 12 स्थित महादलित टोला में सोमवार की देर रात अचानक आग लगने से दो परिवार के दो घर सहित लाखों की सामान जलकर राख हो गई. जानकारी मुताबिक बीती रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद अपने अपने घरों में सो गए थे. इसी बीच अचानक घर में आग लग गयी. उधर आग की ज्वाला देख जब गृहस्वामी की नींद खुली तो सभी लोग घर से बाहर निकले और शोर मचाया. उधर गृहस्वामी के हो हल्ला होने के बाद लोग घटना स्थल पर पहुंचे. सूचना के बाद बलुआ थाने से छोटी दमकल पहुंची. लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि बाद में वीरपुर से भी बड़ी दमकल को लाना पड़ा. भारी मशक्कत के बाद ग्रामीणों व दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया. जब तक आग बुझ पाती तबतक आग ने अनिला देवी एवं रंभा देवी के दो-दो घर सहित घर में रखे कपड़ा, बर्तन, अनाज सहित अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया. अगलगी की इस घटना में कुशेश्वर सादा की एक बाइक भी जल गयी. घटना स्थल पर राजस्व कर्मचारी धनंजय कुमार, डाटा ऑपरेटर किशोर कुमार यादव, मुखिया रामजी मंडल, पंसस रोशन बड़बड़िया, सरपंच रामदास राय, वार्ड सदस्य रमेश कुमार राय, विष्णुदेव सादा आदि ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया. बताया कि सरकारी प्रावधान के अनुसार पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध करायी जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >