हैरियर कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, 5 वर्षीय मासूम गंभीर, चालक वाहन छोड़कर फरार

त्रिवेणीगंज के लक्ष्मीनियां में एक अनियंत्रित हैरियर कार ने बाइक सवार युवक और उसके पांच वर्षीय मासूम बेटे को कुचल दिया. हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चे की हालत गंभीर है. कार चालक मौके से फरार हो गया.

त्रिवेणीगंज (सुपौल). थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनियां वार्ड-12 में पिपरा-जदिया एनएच-327ई पर बुधवार देर शाम तेज रफ्तार हैरियर कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार पांच वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

लिट्टी लेकर घर लौट रहे थे दोनों

Supaul Road Accident: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राजा कुमार और पांच वर्षीय रौनक कुमार लक्ष्मीनियां चौक से लिट्टी लेकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान जदिया की ओर से तेज गति से आ रही हैरियर कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

मौके पर युवक की मौत, मासूम की हालत गंभीर

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे राजा कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं पांच वर्षीय रौनक कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.

वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक

हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर त्रिवेणीगंज थाना पुलिस घटनास्थल और अस्पताल पहुंची तथा दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया.

मृतक और घायल की हुई पहचान

Supaul Road Accident: मृतक की पहचान पिलवहा पंचायत के लक्ष्मीनियां वार्ड-12 निवासी अनिल मेहता के 20 वर्षीय पुत्र राजा कुमार के रूप में हुई है. घायल बालक की पहचान मृतक के पड़ोसी पवन मेहता के पांच वर्षीय पुत्र रौनक कुमार के रूप में हुई है. चिकित्सक डॉ. बी.एन. पासवान ने बताया कि घायल बच्चे की हालत चिंताजनक बनी हुई है.

पुलिस जांच में जुटी

थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है. दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश के साथ मामले की जांच की जा रही है.

Also Read: भागलपुर में चौंकाने वाली खोज, सैंडिस कंपाउंड के जिस पत्थर पर लोग बैठते थे वह निकला दुर्लभ ट्री फॉसिल

Also Read: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Pintu Pranav

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >