सरकार उदासीन, मुहल्ले वासियों ने स्वयं बनाया सड़क

बिहार में विकास के दावे चाहे जितने किए जा रहे हों, लेकिन आज भी कई ऐसे गांव और टोले हैं जहां पक्की सड़क लोगों के लिए सपना बनी हुई है

राघोपुर बिहार में विकास के दावे चाहे जितने किए जा रहे हों, लेकिन आज भी कई ऐसे गांव और टोले हैं जहां पक्की सड़क लोगों के लिए सपना बनी हुई है. ऐसा ही मामला सुपौल जिले के नगर पंचायत सिमराही अंतर्गत वार्ड नंबर पांच स्थित शर्मा टोला से सामने आया है. जहां आज तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो सका है. शर्मा टोला में करीब 250 लोग वर्षों से निवास कर रहे हैं. लेकिन टोला तक पहुंचने के लिए सिर्फ ईंट सोलिंग की जर्जर सड़क ही मौजूद है. बारिश के मौसम में यह रास्ता और भी खराब हो जाता है. जिससे लोगों को रोजाना आवाजाही में भारी परेशानी झेलनी पड़ती है. सड़क की खस्ताहाल देख ग्रामीणों ने स्वयं ही सड़क मरम्मति का बीड़ा उठाया. शनिवार को आसपास के अधिकतर ग्रामीणों ने स्वयं ही सड़क की मरम्मति कर उसे चलने लायक बनाया. जानकारी देते ग्रामीणों ने बताया कि पिछले करीब 20 सालों से सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है. आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि चुनाव के समय सड़क निर्माण का वादा करते हैं, लेकिन जीतने के बाद गांव की सुध तक नहीं लेते. कहा कि सड़क नहीं होने के कारण हालात बेहद खराब हैं. शादी-ब्याह जैसे सामाजिक कार्यों में भी परेशानी हो रही है. लोग खराब रास्ते की वजह से यहां रिश्ता करने से कतराने लगे हैं. इसके साथ ही बच्चों को स्कूल भेजने में भी कठिनाई होती है. टोला तक कोई वाहन नहीं पहुंच पाता. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि न तो सफाई कर्मी नियमित आते हैं और न ही कोई अधिकारी गांव की स्थिति देखने पहुंचते हैं. बताया कि गंभीर बीमारी की स्थिति में एम्बुलेंस टोला तक नहीं पहुंच पाती. ऐसे में मरीजों को खटिया पर लिटाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है. जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है. कहा कि टोला से बाजार, मुख्य सड़क और एनएच 27 काफी नजदीक है, इसके बावजूद सड़क का नहीं बनना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. सड़क के अभाव में ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे नगर पंचायत सिमराही कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन करेंगे. मामले पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मो अकरम ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर विभाग को पत्र लिखा जा चुका है. जल्द ही सड़क का निर्माण कराया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >