सड़क हादसे में किशोरी की मौत, सड़क जाम

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है

राघोपुर. थाना क्षेत्र के रामविशनपुर गांव के समीप एनएच 27 पर रविवार की सुबह हुई सड़क हादसे में किशोरी की मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया है. मृतक किशोरी की पहचान विशनपुर दौलत वार्ड नंबर 12 निवासी छोटे लाल शर्मा की 13 वर्षीय पुत्री रीता कुमारी के रूप में हुई. जानकारी अनुसार, रविवार की सुबह रीता सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किशोरी को तुरंत राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया. वहां मौजूद चिकित्सक डॉ दीपक गुप्ता ने बताया कि किशोरी के बाएं पैर में फ्रैक्चर था और सिर में गंभीर चोटें आई थी. प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया गया. हालांकि, इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. इधर, घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला. एनएच 27 पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं से नाराज लोगों ने रामविशनपुर के पास सड़क जाम कर दिया. तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की. जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई. सूचना मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया. करीब एक घंटे बाद जाम हटाया गया. जिसके बाद एनएच 27 पर यातायात सामान्य हो सका. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >