सुपौल. सदर थाना क्षेत्र के गौरवगढ़ वार्ड नंबर-6 स्थित सान्वी पब्लिक स्कूल के नए हॉस्टल की छत पर रविवार को पहली कक्षा के छात्र का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान पारीकोंच पंचायत के वार्ड नंबर-7 निवासी शिव शंकर भारती के पुत्र प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है. छात्र के गले में गमछा और बेल्ट का फंदा लगा मिला, जबकि चेहरे पर चोट के निशान भी बताए जा रहे हैं. घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है.
छात्रों की नजर पड़ी तो छत पर पड़ा था छात्र
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक बजे कुछ छात्रों की नजर हॉस्टल की छत पर पड़े प्रियांशु पर गयी. उसके गले में गमछा और बेल्ट लगा हुआ था. छात्रों ने तत्काल इसकी जानकारी हॉस्टल के गार्ड को दी. गार्ड ने विद्यालय संचालक संतोष कुमार को घटना की सूचना दी. इसके बाद छात्र के गले से गमछा हटाकर उसे नीचे लाया गया. शिक्षक के साथ उसे शहर स्थित अनंत प्रेरणा हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. बीके यादव ने जांच के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया.
करीब दो घंटे बाद परिजनों को मिली सूचना
छात्र की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक के पिता शिव शंकर भारती ने घटना को सामान्य नहीं मानते हुए हत्या की आशंका जतायी है. उनका आरोप है कि उनके पुत्र की मौत के पीछे साजिश हो सकती है और विद्यालय प्रबंधन की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए.
परिजनों के अनुसार, घटना की जानकारी विद्यालय स्तर पर करीब एक बजे हुई, जबकि उन्हें इसकी सूचना लगभग तीन बजे दी गयी. इसी अंतराल को लेकर भी परिजनों ने सवाल उठाए हैं.
संचालक बोले, सूचना मिलते ही पहुंचे
विद्यालय संचालक संतोष कुमार ने बताया कि घटना के समय वह खाना खाने गये थे. इसी दौरान उन्हें छात्र के हॉस्टल की छत पर पड़े होने की सूचना मिली, जिसके बाद वह तत्काल मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि छात्र की मौत कैसे हुई, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. संचालक के अनुसार, हॉस्टल नया होने के कारण अभी तक वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं. ऐसे में घटना के समय की गतिविधियों की जानकारी जुटाना पुलिस जांच के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. प्रभारी एसडीपीओ दिलीप कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही छात्र की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. पुलिस हॉस्टल में मौजूद लोगों, छात्रों और विद्यालय कर्मियों से पूछताछ कर रही है. साथ ही घटना के समय की परिस्थितियों और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है.
