राघोपुर थाना पहुंचे एसपी शरथ आर. एस., लंबित मामलों पर सख्त निर्देश

Supaul News: पुलिसिंग में कसावट की तैयारी, राघोपुर थाना के औचक निरीक्षण में एसपी ने खंगाले रिकॉर्ड और केस फाइलें

आशुतोष झा/राघोपुर (सुपौल)

Supaul News: सुपौल जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने शनिवार देर शाम राघोपुर थाना का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों की स्थिति, अभिलेखों के रख-रखाव और अनुसंधान कार्यों की विस्तृत समीक्षा की. एसपी ने स्पष्ट कहा कि लंबित मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटाने की दिशा में कार्रवाई तेज की जाए.

केस फाइलों से लेकर रिकॉर्ड रूम तक, हर व्यवस्था की हुई जांच

औचक निरीक्षण के दौरान एसपी शरथ आर. एस. ने थाना के विभिन्न विभागों का जायजा लिया. उन्होंने अभिलेखों की जांच करते हुए यह देखा कि केस डायरी, रजिस्टर और अन्य प्रशासनिक रिकॉर्ड किस प्रकार संधारित किए जा रहे हैं. थाना में लंबित कांडों की सूची मंगाकर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई.

एसपी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों से पूछा कि किन कारणों से कुछ मामलों का निष्पादन लंबित है और उन्हें जल्द पूरा करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने निर्देश दिया कि अनुसंधान कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके.

अनुसंधानकर्ताओं से अलग-अलग की बातचीत

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना में कार्यरत सभी अनुसंधानकर्ताओं से अलग-अलग बातचीत की. उन्होंने प्रत्येक अधिकारी से उनके जिम्मे लंबित मामलों की जानकारी ली और जांच की प्रगति का आकलन किया.

उन्होंने कहा कि हर मामले की नियमित मॉनिटरिंग जरूरी है. अनुसंधान की गुणवत्ता और समयबद्ध निष्पादन दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए. पुलिस अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करें.

कानून-व्यवस्था और जनसुनवाई पर भी जोर

मीडिया से बातचीत में एसपी शरथ आर. एस. ने कहा कि राघोपुर थाना का औचक निरीक्षण कर लंबित कांडों की समीक्षा की गई है. थानाध्यक्ष को सभी मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं.

उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर बेहतर पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था की मजबूती और आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष फोकस किया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर राजेश चौधरी, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.

Also Read: यूरोप ट्रिप से लेकर महंगे गिफ्ट तक, टेंडर घोटाला मामले में एक्शन, IAS योगेश और अभिलाषा सस्पेंड

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >