छातापुर में जूट काटने के दौरान वज्रपात, 62 वर्षीय किसान की मौत, एक झुलसा

सुपौल जिले के छातापुर में जूट की फसल काट रहे किसानों पर अचानक बिजली गिर गई. इस हादसे में एक वृद्ध किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया. गांव में शोक का माहौल है.

Supaul Lightning Death: सुपौल जिले के छातापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डहरिया युवक चौक के समीप गुरुवार अपराह्न वज्रपात की चपेट में आने से एक वृद्ध किसान की मौत हो गई, जबकि दूसरा किसान घायल हो गया. दोनों खेत में जूट की फसल काट रहे थे. मृतक की पहचान डहरिया वार्ड संख्या-11 निवासी 62 वर्षीय बिदन यादव के रूप में हुई है, जबकि घायल दयानंद यादव का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छातापुर में कराया गया.

खेत में जूट काटने के दौरान हुआ हादसा

परिजनों के अनुसार बिदन यादव और दयानंद यादव युवक चौक के पूर्व स्थित खेत में जूट की फसल काट रहे थे. इसी दौरान हल्की बारिश शुरू हुई और अचानक तेज वज्रपात हुआ. दोनों इसकी चपेट में आ गए. बिदन यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दयानंद यादव झुलसकर घायल हो गए.

घायल की हालत खतरे से बाहर

Supaul Lightning Death: घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल दयानंद यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छातापुर पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई.

परिजनों में मचा कोहराम

वृद्ध किसान की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. मृतक अपने पीछे पत्नी ललिता देवी, एक पुत्र तथा तीन विवाहित पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.

पोस्टमार्टम के बाद मिलेगी सरकारी सहायता

घटना की सूचना मिलने पर राजस्व कर्मी अमित रंजन, छातापुर थाना पुलिस तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे. उप प्रमुख संजय यादव, मुखिया संजीत कुमार चौधरी और पूर्व मुखिया पंकज यादव ने परिजनों को सांत्वना दी.अंचलाधिकारी रविराज कुमार ने बताया कि प्रारंभ में परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे. प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा गया. उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तथा सरकारी प्रावधानों के तहत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

संजय कुमार पप्पू प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. छातापुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >