E-Rickshaw Rules: सुपौल अनुमंडल कार्यालय स्थित एसडीएम कार्यालय कक्ष में ई-रिक्शा डीलरों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर साह ने की. बैठक में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन भी मौजूद रहे. बैठक का मुख्य विषय बिना नंबर प्लेट के ई-रिक्शा की बिक्री और संचालन पर रोक सुनिश्चित करना रहा.
बिना नंबर प्लेट वाहन बेचने पर जताई नाराजगी
बैठक में परिवहन विभाग के निर्देशों के बावजूद एजेंसियों द्वारा बिना नंबर प्लेट के ई-रिक्शा सड़क पर उतारे जाने के मामलों पर चर्चा की गई. एसडीएम मनोहर साह ने एजेंसी संचालकों से पूछा कि विभागीय आदेश के बावजूद बिना पंजीकरण और नंबर प्लेट के वाहन कैसे बेचे जा रहे हैं. इस पर सभी डीलरों ने अपना-अपना पक्ष रखा.
एसडीएम और एसडीपीओ की सख्त चेतावनी
एसडीएम मनोहर साह और एसडीपीओ राजीव रंजन ने स्पष्ट कहा कि भविष्य में यदि किसी एजेंसी से बिना नंबर प्लेट का ई-रिक्शा निकलने की शिकायत मिली तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने सभी डीलरों को परिवहन विभाग के नियमों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया.
नियमों का पालन करना अनिवार्य
अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक ई-रिक्शा का नियमानुसार पंजीकरण और नंबर प्लेट के साथ ही संचालन होना चाहिए. बिना नंबर प्लेट के किसी भी वाहन को सड़क पर चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
डीलरों से सहयोग की अपील
E-Rickshaw Rules: बैठक के अंत में प्रशासन ने सभी ई-रिक्शा डीलरों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित एवं वैध परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने में सहयोग देने की अपील की.
