प्रतापगंज (सुपौल) से सरोज कुमार महतो की रिपोर्ट.
Supaul Crime News: सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र में बिजली तार चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है. मेंहदीपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर धर्मघाट नदी के पश्चिम स्थित ट्रांसफार्मर से लेकर इमामपट्टी प्राथमिक विद्यालय, वार्ड संख्या-9 तक अज्ञात चोरों ने करीब एक किलोमीटर लंबी बिजली लाइन के तार काटकर चोरी कर लिए. घटना के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है.
जानकारी के अनुसार सोमवार रात बदमाशों ने लगभग 25 बिजली खंभों पर लगे तारों को काट लिया और वाहन पर लादकर फरार हो गए. मंगलवार सुबह जब किसान खेतों की सिंचाई के लिए पहुंचे तो उन्हें खंभों पर बिजली के तार गायब मिले. इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
सुनियोजित तरीके से दिया वारदात को अंजाम
स्थानीय लोगों का कहना है कि चोर ट्रैक्टर और चारपहिया वाहन के साथ मौके पर पहुंचे थे. उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से खंभों पर चढ़कर तार काटे और उन्हें वाहन में लोड कर ले गए. वारदात को जिस तरीके से अंजाम दिया गया, उससे यह किसी संगठित गिरोह की करतूत प्रतीत होती है.
घटना की जानकारी मिलते ही किसान बिसुदेव पासवान, कृष्णदेव पासवान, मंटू कुमार महतो और पवन प्रधान सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विभाग को सूचना दी.
बिजली व्यवस्था और सिंचाई पर असर
घटना की सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग के कनीय अभियंता अजय कुमार को मामले से अवगत कराया गया. विभागीय अधिकारियों ने बताया कि तार चोरी होने से संबंधित क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है. साथ ही किसानों को खेतों की सिंचाई में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
बिजली विभाग की ओर से मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और लिखित आवेदन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है. लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी चोरी बिना किसी डर के अंजाम दी गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है.
प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक बिजली विभाग की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलते ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी.
