कटैया-निर्मली.
सरकार की महत्वाकांक्षी योजना में शामिल पंचायतों में लगाई गई सोलर लाइट दम तोड़ रहा है. पिपरा प्रखंड क्षेत्र में करोड़ों रुपए खर्च कर ग्रामीण इलाकों की सड़कों और गलियों में रोशनी के लिए लगाई गई सोलर लाइटें अब महज शोभा की वस्तु बनकर रह गई है. पोल पर सोलर पैनल तो दिख रहे हैं, लेकिन महीनों से लाइटें नहीं जल रही है. नतीजा रात होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है.सोलर पैनल पोल पर टंगा है, रोशनी नदारद
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्मली, पथरा दक्षिण, कटैया माहे, थुमहा, पथरा उत्तर, दीनापट्टी, रामनगर, तुलापट्टी सहित प्रखंड क्षेत्र के कई पंचायतों में घटिया किस्म की सोलर लाइटें लगाई गई. ग्रामीणों का कहना है कि मानक मूल्य से आधी कीमत वाली ये लाइटें लगने के कुछ ही दिनों बाद खराब हो गई. सोलर पैनल पोल पर टंगा है, लेकिन रोशनी नदारद है. रात में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को टॉर्च लेकर चलना पड़ता है. इस कारण आवागमन मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों ने बताया कि खराब लाइटों की शिकायत पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों को कई बार दी गई, लेकिन अब तक कहीं भी मरम्मत नहीं हुई है. लोगों का आरोप है कि सरकारी राशि का बंदरबांट कर दिया गया. अधिकारी हालात देखने तक नहीं आए. अगर अधिकारियों को जानकारी मिली भी तो उन्होंने देखना उचित नहीं समझा. योजना कागज पर ही पूरी हो गई.
