444 लीटर शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

पिपरा थाना पुलिस ने संध्या गश्ती के दौरान 444.24 लीटर शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है

कटैया-निर्मली.

पिपरा थाना पुलिस ने संध्या गश्ती के दौरान 444.24 लीटर शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से शराब लदी टाटा मैजिक और एक स्मार्ट मोबाइल भी जब्त किया है. थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि रविवार को संध्या गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक ब्लू रंग के टाटा मैजिक गाड़ी में अवैध विदेशी शराब लादकर सिमराही से पिपरा होते हुए त्रिवेणीगंज ले जायी जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल छापेमारी की योजना बनायी. थाना क्षेत्र के पिपरा-त्रिवेणीगंज पक्की सड़क पर हीरो मोटरसाइकिल शोरूम के पास पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की. जहां पिपरा बाजार की ओर से आ रही ब्लू रंग की टाटा मैजिक को रुकने का इशारा किया गया. पुलिस को देखकर चालक वाहन रोककर भागने का प्रयास करने लगा. जिसे सशस्त्र बल की मदद से खदेड़कर पकड़ लिया गया. पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम अशोक शर्मा, उम्र करीब 36 वर्ष, पिता सीताराम शर्मा, सिमराही वार्ड नं 13, थाना राघोपुर, जिला सुपौल बताया. तलाशी लेने पर मैजिक वाहन के डाला से कुल 50 कार्टन बरामद हुए. कार्टन खोलने पर 750 मिली के 408 सीलबंद बोतल और 180 मिली के 768 सीलबंद बोतल विदेशी शराब मिली. बरामद शराब की कुल मात्रा 444.24 लीटर है. तलाशी के दौरान अशोक शर्मा के पास से रेडमी कंपनी का एक स्मार्ट मोबाइल भी बरामद हुआ. पुलिस ने शराब, पिकअप वाहन और मोबाइल को जब्त कर थाना ले आयी. पिपरा थाने में केस दर्ज किया गया है. गिरफ्तार अभियुक्त अशोक शर्मा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >