कोर्ट के आदेश पर सिमराही में तीसरी बार चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, विरोध व पथराव के बीच कार्रवाई

सिमराही में न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए तीसरी बार अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया. भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेसीबी मशीनों से कार्रवाई हुई, जिसमें विरोध और पथराव की घटना भी हुई.

आशुतोष, राघोपुर (सुपौल). थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही के वार्ड संख्या-3 में रविवार को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में तीसरी बार अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया. भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेसीबी मशीनों से कार्रवाई की गई. इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और पथराव भी किया, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए अभियान जारी रखा.

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

दोपहर करीब डेढ़ बजे न्यायालय की तीन सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची. अभियान के दौरान राघोपुर बीडीओ सत्येंद्र कुमार यादव दंडाधिकारी के रूप में मौजूद रहे. सुरक्षा व्यवस्था के लिए थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. मौके पर 50 से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी मौजूद थे.

जमीन को लेकर वर्षों से चल रहा है विवाद

बताया गया कि जिस भूमि पर कार्रवाई की गई, वहां करीब एक दर्जन महादलित परिवारों के मकान बने हुए थे. सिमराही निवासी मो. अख्तर अली का दावा है कि करीब तीन कट्ठा 13 धुर भूमि उनकी पुश्तैनी संपत्ति है और इसकी जमाबंदी उनके नाम दर्ज है. उनके अनुसार वर्ष 2007 में कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जा कर लिया था और वर्ष 2011 में वहां टिन-चादर व फूस के मकान बना लिए गए.

2018 में आया था न्यायालय का फैसला

मो. अख्तर अली ने बताया कि उन्होंने भूमि विवाद को लेकर टाइटल सूट दायर किया था, जिसमें जून 2018 में न्यायालय ने उनके पक्ष में फैसला सुनाते हुए अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था. इसके बाद भी जमीन खाली नहीं होने पर उन्होंने दखल-दिहानी वाद दायर किया.

पहले दो प्रयास विरोध के कारण रहे थे अधूरे

प्रशासन ने इससे पहले 19 अक्टूबर और 21 दिसंबर को भी अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया था, लेकिन विरोध के कारण कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी थी. रविवार को तीसरी बार अभियान चलाकर न्यायालय के आदेश का पालन कराया गया.

एनएच-106 जाम कर किया प्रदर्शन

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से नाराज कुछ महादलित परिवारों और स्थानीय लोगों ने एनएच-106 पर बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर आगजनी भी की, जिससे कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम हटाया और स्थिति सामान्य कराई.

जाम और आगजनी करने वालों पर होगी कार्रवाई

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि न्यायालय के आदेश के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा कि एनएच-106 पर जाम लगाने और आगजनी करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है. दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

ALSO READ : सुपौल में बेजुबानों की सुरक्षा को रोटरी क्लब की पहल, आवारा कुत्तों के रैबीज टीकाकरण अभियान की शुरुआत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >