भीमपुर थाना में पदस्थापित एएसआई की स्कॉर्पियो चोरी, खोजबीन में जुटी पुलिस

सक्रिय चोर गिरोह में कानून व्यवस्था का कोई भय नहीं है

प्रतिनिधि, छातापुर भीमपुर थाना में पदस्थापित एएसआई योगेंद्र पासवान की स्कॉर्पियो बुधवार की रात चोरी हो गई. भीमपुर थाना से पश्चिम एनएच के सर्विस रोड पर खडी स्कार्पियो की अज्ञात चोरों ने चोरी कर सनसनी फैला दिया है. घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई. आमजन भी हतप्रभ हो गये हैं. गुरुवार की अहले सुबह घटना ज्ञात होने के बाद से पुलिस वाहन की खोजबीन में जुटी हुई है. जानकारी के अनुसार एएसआई श्री पासवान थाना परिसर से पश्चिम एन एच किनारे स्थित एक किराये के मकान में रहते हैं. अन्य दिनों की भांति वे एनएच के सर्विस रोड पर बी आरपी ए 8881 नंबर की स्कॉर्पियो वाहन खड़ी कर आराम में चले गये. अहले सुबह जगने पर देखा कि सर्विस रोड से वाहन गायब है. एएसआई ने तत्काल ही मकान मालिक भीमशंकर सोनी के साथ मिल कर वाहन की खोजबीन की, लेकिन चोरी गये वाहन का कुछ भी पता नहीं चल पाया. इसके बाद एएसआई के द्वारा थानाध्यक्ष को घटना से अवगत कराया गया. इधर पुलिस पदाधिकारी के वाहन की चोरी होने के बाद लोगों में चर्चा व्याप्त है. बताया गया कि जब थानाक्षेत्र की रक्षा सुरक्षा करने वाले पुलिस के वाहन ही चोरी हो रहे हैं तो फिर आम आदमी के वाहन की सुरक्षा भगवान के भरोसे ही है. इस प्रकार की घटना से स्पष्ट है कि चोरों का मनोबल सातवें स्थान पर चला गया है. सक्रिय चोर गिरोह में कानून व्यवस्था का कोई भय नहीं है. इस संदर्भ में थानाध्यक्ष मिथिलेश पांडेय की मानें तो घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है. चोरी गये स्कॉर्पियो की बरामदगी के लिए पुलिस खोजबीन में जुटी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev kumar jha

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >