सावन की तीसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा सुपौल

सावन की तीसरी सोमवारी पर सुपौल के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा पूरा जिला, जानें पूरी खबर।

सुपौल : सावन की तीसरी सोमवारी पर सोमवार को जिले के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. अहले सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी रही. मंदिरों का पट खुलते ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक में जुट गये. इस दौरान पूरा वातावरण ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा.

जिले के प्रमुख शिवालयों सुखपुर स्थित बाबा तिल्हेश्वरनाथ मंदिर, बरुआरी स्थित बाबा कपिलेश्वर मंदिर और धरहरा स्थित भीमशंकर महादेव मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रही. इसके अलावा बाबा गंगेश्वर मंदिर, जगतपुर स्थित बाबा दुर्मादेश्वर मंदिर, मोहनियां के हजारी बाबा मंदिर, बलहा स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर और लौकहा स्थित हजारी बाबा मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान शिव की पूजा की.

तिल्हेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब

सदर प्रखंड के सुखपुर स्थित बाबा तिल्हेश्वर स्थान में तीसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतार लगी रही. श्रद्धालु शिवगंगा और आसपास के तालाबों से जल भरकर बाबा तिल्हेश्वरनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे. महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, फूल, भांग, धतूरा, धूप और अक्षत सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से विधिवत पूजा-अर्चना की. श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और जीवन में मंगल की कामना की.

सोमवारी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपवास रखा. कई मंदिरों में रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ. कुछ स्थानों पर श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आये. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला.

खैरदाहा नदी से जल लेकर पहुंचे श्रद्धालु

बरुआरी स्थित बाबा कपिलेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं ने खैरदाहा नदी से जल लेकर पंक्तिबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया. सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ लगी रही. मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. शिवालयों के आसपास पूजा सामग्री, फूल-बेलपत्र, प्रसाद, शृंगार सामग्री और विभिन्न व्यंजनों की दुकानें सजी रहीं. बच्चों के लिए झूले भी लगाये गये थे.

श्रद्धालुओं की भीड़ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से जिले का माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार झा

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >