फोटो- नशा के खिलाफ बैठक करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

चांदपीपर में नशे के खिलाफ ग्रामीणों की मुहिम, सेवन पर 5100 और बिक्री पर 25 हजार जुर्माना

सुपौल के चांदपीपर और सरायगढ़ पंचायत के ग्रामीण नशे के खिलाफ एकजुट हो गए हैं। एक बैठक में नशे के सेवन पर 5100 रुपये और बिक्री पर 25 हजार रुपये जुर्माने का कड़ा फैसला लिया गया है। नशे के खिलाफ इस सामाजिक अभियान को मजबूत करने के लिए सूचना देने वालों को 600 से 2100 रुपये तक का पुरस्कार भी दिया जाएगा।

सुपौल, सरायगढ़. प्रखंड क्षेत्र में नशे के खिलाफ ग्रामीणों ने सामाजिक स्तर पर अभियान तेज कर दिया है. चांदपीपर पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार को नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर ग्रामीणों की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता सीताराम यादव ने की. इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और पंचायत को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया.

नशे को समाज के लिए गंभीर अभिशाप बताया

बैठक को संबोधित करते हुए सुभाष कुमार यादव ने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर अभिशाप बन चुका है. इसके खिलाफ केवल युवाओं को ही नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को मिलकर जागरूक होने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा सूखे नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं. नशे की लत व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित कर उसके भविष्य को अंधकारमय बना देती है.

उन्होंने कहा कि गांव के कई प्रतिभाशाली युवा नशे के कारण अपराध की दुनिया में प्रवेश कर अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं. ऐसे में सामाजिक स्तर पर सामूहिक प्रयास के जरिए नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाना जरूरी है.

नशे के सेवन पर 5100 और बिक्री पर 25 हजार जुर्माना

बैठक में पूर्व में सर्वसम्मति से लिए गए सामाजिक निर्णय की समीक्षा की गयी. इसके तहत नशे का सेवन करते पकड़े जाने पर 5100 रुपये तथा नशीले पदार्थ की बिक्री करते पकड़े जाने पर 25 हजार रुपये जुर्माना वसूलने का निर्णय लिया गया था. इस व्यवस्था की निगरानी के लिए पूर्व में 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था. समीक्षा के दौरान ग्रामीणों ने दावा किया कि पंचायत में नशाबंदी अभियान करीब 80 प्रतिशत सफल रहा है. शेष 20 प्रतिशत हिस्से में भी सुधार लाकर पंचायत को पूरी तरह नशामुक्त बनाने पर जोर दिया गया.

सूचना देने वालों को मिलेगा 600 से 2100 रुपये तक पुरस्कार

ग्रामीणों ने निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्णय लिया. बैठक में नशे का सेवन करने वाले व्यक्ति की गुप्त सूचना देने पर 600 रुपये तथा नशीले पदार्थ बेचने वाले व्यक्ति की सूचना देने पर 2100 रुपये पुरस्कार देने का निर्णय लिया गया.

ग्रामीणों के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. बैठक में सामाजिक निर्णय का उल्लंघन करने वाले लोगों से निर्धारित जुर्माने की राशि भी वसूल की गयी.

हर रविवार होगी अभियान की समीक्षा

ग्रामीणों ने चांदपीपर पंचायत को पूर्ण रूप से नशामुक्त बनाने का सामूहिक आह्वान किया. अभियान की प्रगति और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा के लिए प्रत्येक रविवार को बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया. ग्रामीणों ने कहा कि लगातार सामाजिक निगरानी और सामूहिक भागीदारी से ही नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है.

सरायगढ़ पंचायत में भी नशे के बहिष्कार का संकल्प

इधर, पंचायत भवन सरायगढ़ में भी रविवार को नशामुक्ति अभियान की सफलता को लेकर ग्रामीणों की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता मुखिया प्रतिनिधि सुखदेव पंडित ने की. बैठक में पूर्व सरपंच मो. हकीम, विजेंद्र मुखिया, विनोद यादव, सुरेंद्र मुखिया, मनोज यादव, सीताराम यादव, सुदेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए.

ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से सरायगढ़ पंचायत में नशे का बहिष्कार करने और नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने का निर्णय लिया. ग्रामीणों ने कहा कि सामूहिक प्रयास और सामाजिक भागीदारी के जरिए ही पंचायत को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जा सकता है.

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

चांदपीपर में आयोजित बैठक में मुखिया गणेश राम, सरपंच प्रयाग शर्मा, सीताराम यादव, विष्णु नारायण यादव, लक्ष्मी प्रसाद मंडल, रामचंद्र यादव, नीरज यादव, कृष्णदेव मंडल, गणेश प्रसाद यादव, देवनारायण यादव, शंभू साह, जय नारायण यादव, रमेश कुमार बबलू, प्रमोद कुमार, घनश्याम यादव, रंजीत कुमार, नीतीश कुमार, अरुण यादव, जयप्रकाश यादव, मधु कुमार, नारायण सदा, ठकन सदा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार झा

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >