धार्मिक व शैक्षणिक कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा, सदर प्रखंड, किशनपुर और छातापुर में प्रस्तावित हैं कार्यक्रम
Saharsa news: इमारत-ए-शरिया बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के अमीर-ए-शरीयत तथा खानकाह रहमानी के सज्जादा नशीं हजरत मौलाना अहमद वली फ़ैसल रहमानी 31 मई से चार दिवसीय दौरे पर सुपौल पहुंच रहे हैं. इस दौरान वे जिले में आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.
यह जानकारी इमारत-ए-शरिया के सुपौल जिला सचिव सह समाजसेवी मो. जमालउद्दीन ने दी. उन्होंने बताया कि इमारत-ए-शरिया केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है. संस्था द्वारा गरीब परिवारों की सहायता, गरीब बेटियों की शादी, जरूरतमंद छात्रों को छात्रवृत्ति तथा आगलगी और बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान राहत कार्य किए जाते हैं.
उन्होंने बताया कि कुसहा त्रासदी के दौरान भी इमारत-ए-शरिया ने कई महीनों तक प्रभावित परिवारों की सहायता की थी. अमीर-ए-शरीयत फ़ैसल रहमानी के दौरे के दौरान सदर प्रखंड, किशनपुर और छातापुर के विभिन्न संस्थानों एवं मदरसों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
मो. जमालउद्दीन ने बताया कि फ़ैसल रहमानी अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त शिक्षाविद् और इस्लामिक स्कॉलर हैं. कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने वहां कई वर्षों तक अध्यापन कार्य भी किया. इसके अलावा विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियों में प्रबंधकीय पदों पर भी अपनी सेवाएं दी हैं.
वर्तमान में फ़ैसल रहमानी विभिन्न देशों में इस्लामिक स्कॉलर के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. उनके आगमन को लेकर जिले में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं.
उन्होंने बताया कि इमारत-ए-शरिया के मजलिस-ए-शूरा सदस्य मो. एहसानुल हक, कांग्रेस नेता मिन्नत रहमानी, नासिर एहसान और सद्दाम हुसैन कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लेंगे.
