श्री श्याम बसंत महोत्सव की तैयारी पूरी, आज निकलेगी विशाल निशान यात्रा

कोलकाता के कलाकार होंगे शामिल

– भजन-कीर्तन व भंडारे से गूंजेगा शहर सुपौल. श्री श्याम परिवार तत्वावधान में श्री राधा कृष्ण ठाकुरबाड़ी स्थित श्याम शरणम में आयोजित होने वाला श्री श्याम बसंत महोत्सव इस वर्ष भी भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम लेकर आ रहा है. यह दो दिवसीय महोत्सव 29 एवं 30 जनवरी को आयोजित किया जाएगा. जिसकी सफलता को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है. महोत्सव के अंतर्गत सुबह 7:00 बजे एक विशाल श्री श्याम बसंत निशान यात्रा का आयोजन किया जाएगा. यह यात्रा श्री राधा कृष्ण ठाकुरबाड़ी के प्रांगण से प्रारंभ होकर पटेल चौक होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः ठाकुरवाड़ी पहुंचेगी. इस निशान यात्रा में हजारों श्रद्धालु एक जैसी पारंपरिक पोशाक में “श्री श्याम” के जयघोष के साथ अपने आस्था के प्रतीक निशान ध्वज फहराते हुए पूरे शहर की परिक्रमा करेंगे. कोलकाता के कलाकार होंगे शामिल निशान यात्रा को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए कोलकाता से पधारे मेहुल नृत्य नाटिका के कलाकारों द्वारा भव्य एवं मनोहारी झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी. इनमें विशेष रूप से श्री राधा-कृष्ण एवं वीर हनुमान बाबा की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी. कार्यक्रम के दौरान गुरुवार की संध्या 4:00 बजे पूरे विधि-विधान एवं नियम-निष्ठा के साथ अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी. इसके पश्चात संध्या 6:00 बजे से भजन-कीर्तन का भव्य आयोजन प्रारंभ होगा. इस भजन संध्या में कोलकाता से पधारे शिवम पंसारी, मुजफ्फरपुर से सौरभ शर्मा, भागलपुर से राहुल सोनी एवं तान्या अग्रवाल अपने सुमधुर भजनों की अमृत गंगा से श्रद्धालु भक्तजनों को भावविभोर करेंगे. भंडारे की है व्यवस्था इस वर्ष महोत्सव की एक और विशेष आकर्षण यह रहेगा कि सुपौल शहर के कुछ मेधावी बच्चों द्वारा भगवान श्री कृष्ण, शिव महिमा, गणेश जी एवं मां दुर्गा पर आधारित आकर्षक नाटिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी, जो भक्तों के लिए आध्यात्मिक आनंद का विशेष माध्यम बनेंगी. महोत्सव के दूसरे दिन 30 जनवरी को विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे. प्रशासन भी कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद और तत्पर है. महोत्सव के संयोजक सुनील संथालिया, सचिव सह मीडिया प्रभारी पवन अग्रवाल ने बताया कि यह कार्यक्रम शहर में आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा. वहीं श्री श्याम परिवार के अध्यक्ष श्री दामोदर प्रसाद अग्रवाल ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस भव्य आयोजन को सफल बनाएं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >