PM Surya Ghar Yojana: सुपौल. समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में योजना के तहत उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए प्राप्त आवेदनों, बैंक ऋण स्वीकृति तथा योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई.
ऋण आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि योजना के पात्र लाभार्थियों द्वारा जमा किए गए ऋण आवेदनों का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर जल्द निष्पादन सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि समय पर ऋण स्वीकृति मिलने से अधिक से अधिक परिवार योजना का लाभ उठा सकेंगे.
योजना की प्रगति और चुनौतियों पर हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक में योजना के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति का आकलन किया गया. साथ ही कार्यान्वयन के दौरान सामने आ रही समस्याओं और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई. जिलाधिकारी ने अधिकारियों से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा.
समन्वय के साथ कार्य करने पर दिया जोर
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग और बैंक अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, ताकि लाभार्थियों को समय पर सुविधा मिल सके.
ये अधिकारी रहे मौजूद
PM Surya Ghar Yojana: बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक नरेंद्र कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता (विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सुपौल) आलोक कुमार रंजन, विद्युत कार्यपालक अभियंता (राघोपुर) धनंजय कुमार सिंह, सहायक विद्युत अभियंता आशुतोष कुमार शर्मा सहित विद्युत विभाग के अन्य अभियंता, पदाधिकारी, कर्मचारी तथा जिला मुख्यालय एवं विभिन्न प्रखंडों के बैंक शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे.
Also Read : आज से काम पर लौटे EO, 31 अगस्त तक मांगें पूरी नहीं होने पर फिर आंदोलन की चेतावनी
