Supaul News: प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना को लेकर सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड में तैयारियां तेज कर दी गई हैं. प्रखंड मुख्यालय स्थित टीसीपी भवन में गुरुवार को आयोजित बैठक-सह-कार्यशाला में दो पंचायतों के लिए मूल्यांकन सह अभिसरण समिति और ग्राम स्तरीय सर्वे टीम का गठन किया गया. बैठक में 18 जुलाई तक घर-घर सर्वे पूरा कर निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया.
इन दो गांवों का हुआ चयन
प्रखंड कल्याण पदाधिकारी निधि कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में दुबियाही पंचायत के भाई राम सरदार चकला (ग्राम कोड-2214026) तथा ठाढ़ीभवानीपुर पंचायत के लक्ष्मण दासचक (ग्राम कोड-221396) को प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित किया गया.
यह कार्यशाला जिला पदाधिकारी सुपौल के निर्देश तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी के आदेश के आलोक में आयोजित की गई.
पंचायत स्तर पर बनी मूल्यांकन सह अभिसरण समिति
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायत स्तर पर समिति का गठन किया गया है. समिति में पंचायत के मुखिया को अध्यक्ष बनाया गया है. वहीं पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, एएनएम, आंगनबाड़ी सेविका, विकास मित्र और आशा कार्यकर्ता को सदस्य बनाया गया है.
बैठक में सभी सदस्यों को निर्देश दिया गया कि वे आपसी समन्वय के साथ गांवों में सर्वे का कार्य समय पर पूरा करें.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
18 जुलाई तक पूरा करना होगा सर्वेप्रखं
ड कल्याण पदाधिकारी निधि कुमारी ने बताया कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत मांगे गए सभी आंकड़ों को निर्धारित प्रारूप में भरकर 18 जुलाई 2026 तक प्रखंड कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा.
उन्होंने कहा कि सर्वे टीम घर-घर जाकर यह जानकारी जुटाएगी कि किन परिवारों को अब तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिला है. इसके आधार पर पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा.
Supaul News: क्या है प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना का उद्देश्य?
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति बहुल गांवों का समग्र विकास करना है. योजना के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, आवास, स्वच्छता और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा. साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं का अभिसरण कर पात्र परिवारों तक लाभ पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: 160 KMPH की रफ्तार से बस 60 मिनट में बिहार के इस शहर से पटना पहुंच जाएंगे आप, क्या है सरकार का प्लान
