त्रिवेणीगंज. प्रखंड क्षेत्र महेशुआ में कृषि साख सहयोग समिति (पैक्स) के अध्यक्ष व कार्यकारिणी सदस्य का चुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया. मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान केंद्र पर सुबह से मतदान शुरू हो गया. इस दौरान बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी अभिनव भारती, थानाध्यक्ष रामसेवक रावत, अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार दल बल के साथ मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते दिखे. महेशुआ पंचायत में 2726 मतदाता हैं. जिसके लिए प्राथमिक विद्यालय महेशुआ में चार मतदान केंद्र बनाए गए थे. मतदान के दौरान कहीं से किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है. चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों के बाहर जगह-जगह प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की भीड़ लगी रही. मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने के लिए प्रत्याशी के समर्थक काफी सक्रिय दिखे. महेशुआ पंचायत पैक्स के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में चार उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला मतपेटी में बंद हो गया. बीडीओ अभिनव भारती ने बताया कि एक पैक्स के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया है. साथ ही शनिवार की शाम ही प्रखंड परिसर स्थित टीपीसी भवन में महेशुआ पैक्स के लिए मतगणना होगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
