खाद की कालाबाजारी पर गरमाया सदन, दो दुकानदारों के लाइसेंस रद्द, लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठा

सुपौल में पंचायत समिति की बैठक में किसानों को खाद की कालाबाजारी के कारण हो रही परेशानी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. इस मामले में दो खाद दुकानदारों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं. बैठक में विद्यालय चारदीवारी के लंबित भुगतान और जर्जर बिजली तारों को बदलने की मांगों पर भी चर्चा हुई.

Supaul News: कटैया-निर्मली (सुपौल). पिपरा प्रखंड मुख्यालय स्थित टीसीपी भवन में सोमवार को लंबे अंतराल के बाद पंचायत समिति की सामान्य बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख कंचन कुमारी ने की, जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी, पंचायत समिति पिपरा ने किया. बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई और जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई.

खाद की कालाबाजारी का मामला गरमाया

बैठक में किसानों को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद उपलब्ध कराने का मामला प्रमुखता से उठा. पंचायत समिति सदस्यों ने खाद दुकानदारों पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की.प्रखंड कृषि पदाधिकारी सतीश चन्द्र ने बताया कि खाद की कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. पिपरा प्रखंड के दो खाद दुकानदारों का लाइसेंस रद्द किया जा चुका है, जबकि मामले की जांच अभी जारी है.उन्होंने बताया कि एक बीघा जमीन पर एक बोरा यूरिया देने का प्रावधान है. बटाईदार किसानों को आधार कार्ड के साथ आवेदन देना होगा, जिसमें बटाई पर ली गई जमीन का विवरण दर्ज करना होगा. ऐसे किसानों को भी नियमानुसार खाद उपलब्ध कराई जा रही है. कृषि पदाधिकारी के अनुसार प्रखंड में कुल 82 खाद दुकानों के लाइसेंस हैं, जिनमें फिलहाल 32 दुकानदारों के पास खाद उपलब्ध है.

विद्यालय की चारदीवारी का भुगतान नहीं होने पर नाराजगी

पंचायत समिति सदस्य नटवर मंडल ने विद्यालय भवन की चारदीवारी का निर्माण पूरा होने के आठ से दस माह बाद भी भुगतान नहीं होने का मामला उठाया. उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित संवेदक के लंबित भुगतान का अविलंब निष्पादन कराने की मांग की.

बसहा में जर्जर बिजली तार बदलने की मांग

पंचायत समिति सदस्य अमरेन्द्र यादव ने बसहा क्षेत्र में जर्जर विद्युत तार बदलने का मुद्दा सदन में रखा. उन्होंने कहा कि जर्जर तार के कारण लोगों को परेशानी हो रही है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. इस पर विद्युत विभाग के कनीय अभियंता, पिपरा ने जल्द तार बदलने का आश्वासन दिया.

लंबित राजस्व मामलों के शीघ्र निष्पादन की मांग

मुखिया कारी प्रसाद यादव ने राजस्व विभाग से जुड़े लंबित मामलों का मुद्दा उठाया. उन्होंने अंचल कार्यालय में परिमार्जन, दाखिल-खारिज और म्यूटेशन से संबंधित लंबित आवेदनों का जल्द निष्पादन कराने की मांग की, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं हो.

आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच और रिक्त पदों पर नियुक्ति का मुद्दा

Supaul News: बैठक में बाल विकास परियोजना से जुड़े मामलों पर भी सदस्यों ने सवाल उठाए. पंचायत प्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित जांच कराने और संचालन व्यवस्था में सुधार की मांग की. सदस्यों ने लंबे समय से खाली पड़े आंगनबाड़ी सेविका के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग भी रखी.इस पर संबंधित विभाग की ओर से बताया गया कि नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By इंद्रभूषण कुमार

इंद्रभूषण प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. कटैया निर्मली (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >