भीमनगर चेक पोस्ट बना सुरक्षा का मजबूत प्रहरी

सशस्त्र सीमा बल, सीमांत मुख्यालय पटना के महानिरीक्षक निशीत कुमार उज्जवल ने निरीक्षण एवं संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल वीरपुर का दौरा किया.

भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा को लेकर एसएसबी व नेपाल के अधिकारियों की हुई बैठक

आइजी निशीत कुमार उज्जवल ने 45वीं वाहिनी वीरपुर का किया निरीक्षण

वीरपुर. सशस्त्र सीमा बल, सीमांत मुख्यालय पटना के महानिरीक्षक निशीत कुमार उज्जवल ने निरीक्षण एवं संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल वीरपुर का दौरा किया. निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान महानिरीक्षक ने उप महानिरीक्षक राजेश टिक्कू, क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया के साथ सर्वप्रथम भारत-नेपाल सीमा स्थित भीमनगर चेक पोस्ट का निरीक्षण किया. इस अवसर पर उन्होंने सीमा प्रबंधन एवं प्रचालनात्मक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की. साथ ही भीमनगर चेक पोस्ट पर आगंतुकों के सामान की जांच हेतु स्थापित अत्याधुनिक एक्स-रे बैगेज स्कैनर का शुभारंभ किया. जिससे दोनों देशों के नागरिकों की सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी. निरीक्षण के दौरान महानिरीक्षक ने सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) नेपाल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक भी की. बैठक में डीआइजी कुमार न्यूपाने (नंबर वन बराहा ब्रिगेड), एसपी किशन कर्माचार्य (नंबर 37 रिजर्व बटालियन मुख्यालय), एसपी श्याम कुमार कार्की (नंबर चार बटालियन), एसपी रोशन बुधाकोटी (नंबर छह बटालियन), डीएसपी शमशेर कार्की (बॉर्डर सिक्योरिटी कंपनी, हरिपुर) एवं वीरपुर के एसडीएम नीरज कुमार उपस्थित रहे.

बैठक में सीमा सुरक्षा, आपसी समन्वय एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया. तत्पश्चात 45वीं वाहिनी पहुंचने पर महानिरीक्षक को क्वार्टर गार्ड पर सम्मानपूर्वक गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया. इस अवसर पर 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वाहिनी के कार्यक्षेत्र, प्रचालनात्मक तैयारियां, उपलब्धि एवं चुनौतियों की विस्तृत जानकारी दी. निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सैनिक सम्मेलन में महानिरीक्षक ने जवानों से सीधा संवाद किया. उन्होंने जवानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना, उनके समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की. पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं व्यावसायिकता के साथ राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया. महानिरीक्षक का यह दौरा सभी रैंकों के मनोबल को सुदृढ़ करने वाला रहा. इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी जेके शर्मा, उप कमांडेंट प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट सुमन सौरभ सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे.

भीमनगर चेक पोस्ट पर अत्याधुनिक एक्स-रे बैगेज स्कैनर का किया गया शुभारंभ

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित भीमनगर चेक पोस्ट सीमा सुरक्षा और सुचारु आवागमन का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है. सशस्त्र सीमा बल की कड़ी निगरानी में यह चेक पोस्ट दोनों देशों के नागरिकों के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित कर रहा है. यहां तैनात जवान सीमा प्रबंधन, घुसपैठ रोकथाम, तस्करी पर नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर सतत नजर बनाए हुए हैं. भीमनगर चेक पोस्ट पर आधुनिक सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है. सुविधाओं को और अधिक विस्तार करने के उद्देश्य से एक्स-रे बैगेज स्कैनर लगाया गया. यह एक्स-रे बैगेज स्कैनर अत्याधुनिक इमेजिंग और सेंसर तकनीक का उपयोग करते हुए हथियारों, विस्फोटकों, नशीले पदार्थों और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की प्रभावी ढंग से पहचान करते हैं. जिससे सुरक्षा जोखिम काफी हद तक कम हो जाते हैं. हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर इनका उपयोग सुरक्षा वातावरण सुनिश्चित करता है. साथ ही स्क्रीनिंग दक्षता को भी बढ़ाता है. सुरक्षा बढ़ाने के अलावा, ये स्कैनिंग सिस्टम संगठनों को नियामक दिशा निर्देशों और परिचालन प्रक्रियाओं का पालन करने में सहायता करते हैं. वास्तविक समय में डेटा प्रोसेसिंग और विश्लेषण के साथ, ये त्वरित निर्णय लेने में सहायक होते हैं, सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करते हैं और समग्र सुरक्षा प्रोटोकॉल को बेहतर बनाते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >