Supaul News: सुपौल में उफनती कोसी नदी से जुड़ी एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. मंगलवार देर रात कोसी तटबंध पर ड्यूटी कर रहे एक कनीय अभियंता और एक मजदूर ने अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में बह रही नवविवाहिता को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. बचाव के बाद युवती ने पुलिस को जो कहानी बताई, उसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया. युवती ने आरोप लगाया कि उसके मामा और बहनोई उसे प्रेमी से मिलाने का झांसा देकर कोसी नदी किनारे ले गए और नदी में धक्का दे दिया.
फिलहाल पुलिस युवती के आरोपों की जांच कर रही है. घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
कोसी से आई मदद की पुकार, तुरंत शुरू किया रेस्क्यू
घटना सदर प्रखंड की बसबिट्टी पंचायत स्थित कोसी तटबंध के 64/95 स्पर की है. जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात कनीय अभियंता चितरंजन कुमार और मजदूर सुभाष कुमार तटबंध पर रात्रि ड्यूटी पर तैनात थे. भोजन के बाद जैसे ही दोनों बाहर निकले, उन्हें कोसी नदी की ओर से एक युवती की "बचाओ-बचाओ" की आवाज सुनाई दी.
दोनों तत्काल टॉर्च लेकर आवाज की दिशा में दौड़े.
मजदूर ने उफनती नदी में लगाई छलांग
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मजदूर सुभाष कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना उफनती कोसी नदी में छलांग लगा दी.
काफी मशक्कत के बाद उन्होंने बहाव में फंसी युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. कनीय अभियंता चितरंजन कुमार भी पूरे बचाव अभियान में लगातार सहयोग करते रहे.
स्थानीय लोग दोनों के साहस और सूझबूझ की सराहना कर रहे हैं.
युवती ने सुनाई चौंकाने वाली कहानी
बचाई गई युवती ने अपनी पहचान सदर प्रखंड के लखनीपट्टी निवासी आशा कुमारी के रूप में बताई.
युवती ने पुलिस को बताया कि वह एक युवक से प्रेम करती थी, लेकिन परिवार उसकी शादी के खिलाफ था. करीब एक माह पहले उसकी इच्छा के विरुद्ध उसकी शादी दूसरे युवक से करा दी गई.
उसका आरोप है कि मंगलवार रात उसके मामा और बहनोई उसे प्रेमी से मिलाने की बात कहकर घर से ले गए. पिपराखुर्द के पास कोसी नदी किनारे पहुंचने के बाद दोनों ने उसे नदी में धक्का दे दिया.
युवती ने बताया कि तेज बहाव में बहते हुए वह किसी तरह तटबंध के 64/95 स्पर तक पहुंची और मदद के लिए आवाज लगाई, जिसे सुनकर उसकी जान बचाई जा सकी.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना कनीय अभियंता चितरंजन कुमार ने तुरंत डायल 112 पुलिस को दी.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू की.
डायल 112 में तैनात एएसआई दीपक कुमार सिंह ने बताया कि युवती द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच शुरू कर दी गई है.
Supaul News: बहादुरी की चर्चा, आरोपों पर पुलिस की नजर
एक ओर कनीय अभियंता चितरंजन कुमार और मजदूर सुभाष कुमार की बहादुरी की पूरे इलाके में सराहना हो रही है, वहीं दूसरी ओर युवती के आरोपों ने मामले को गंभीर बना दिया है.
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: राज्यसभा पहुंचे नीतीश कुमार, पहले दिन क्या-क्या हुआ? उपराष्ट्रपति से भी की मुलाकात
