घर से 15 लाख से अधिक नकद व जेवर की लूट, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
Copied link
पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है
कटैया-निर्मली (सुपौल)
पिपरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर दुस्साहस दिखाते हुए एक घर को निशाना बनाकर 15 लाख से अधिक की नकद और जेवरात लूटकर फरार हो गये. घटना थाना क्षेत्र के पथरा दक्षिण पंचायत स्थित वार्ड नंबर 8 की है. जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात करीब 2 बजे अज्ञात बदमाशों ने मोहम्मद रफीक के घर के मेन गेट की कुंडी उंगली से खोलकर आंगन में प्रवेश कर गये. जिस कमरे में रफीक की पत्नी और दो बच्चे सो रहे थे, उसी कमरे की खिड़की से हथियार दिखाकर मोबाइल व दूसरे कमरे की चाभी छीन लिये, इसके बाद बदमाशों ने घर में रखे गोदरेज और ट्रॉली बैग को तोड़कर नगद 9 लाख 83 हजार रुपये व 8 लाख से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात समेट लिए. गृहस्वामी मोहम्मद रफीक ने बताया कि उनकी सास की तबीयत खराब रहने के कारण पत्नी और बच्चे घर पर रहते हैं. गुरुवार को वे घर पर नहीं थे. बदमाश जाते-जाते पड़ोसी मोहम्मद शमीम उर्फ कारी का मोबाइल भी उठा ले गए. बाद में मोबाइल से सिम और कवर निकालकर फेंक दिया. घटना की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है. इस लूटकांड से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है. पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. अभी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है.
वसंत यादव प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 03 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.