अधिक से अधिक किसान लें एमएसपी का लाभ : डीएम

धान खरीद की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से करें संपन्न

– धान खरीद की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से करें संपन्न – जिले में घोषित तिथि से शुरू हुआ सरकारी दर पर धान खरीद, डीएम ने कराया शुभारंभ सुपौल. खरीफ विपणन मौसम वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में सरकारी दर पर चिन्हित पैक्स व व्यापार मंडल केंद्र पर धान खरीद का विधिवत शुभारंभ शनिवार को डीएम सावन कुमार ने किया. इस अवसर पर जिलाधिकारी ने किशनपुर प्रखंड के राजपुर पैक्स के माध्यम से किसान मो नसीम एवं दुलार चंद्र यादव से कुल 23.30 क्विंटल धान की खरीद करा कर औपचारिक शुभारंभ किया. इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि किसान अपने धान की बिक्री पैक्स एवं व्यापार मंडल के माध्यम से करें. जिससे उन्हें सरकार द्वारा देय एमएसपी भुगतान 48 घंटे के अंदर सीधे उनके बैंक खातों में प्राप्त हो सके. उन्होंने किसानों से बिचौलियों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि धान खरीद की प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न हो. जिलाधिकारी ने जिला सहकारिता पदाधिकारी संतोष कुमार को निर्देश दिया कि पैक्स एवं व्यापार मंडल के माध्यम से खरीद कार्य को पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता से संपन्न कराया जाए. ताकि किसी भी स्तर पर किसानों को कठिनाई न हो. उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी किसान को धान विक्रय में कोई समस्या आती है, तो वे सीधे जिला सहकारिता पदाधिकारी या जिलाधिकारी सुपौल से संपर्क करें. शुभारंभ कार्यक्रम में जिला सहकारिता पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता (अधिप्राप्ति), जिला आपूर्ति पदाधिकारी, प्रबंध निदेशक (जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड, सुपौल), जिला प्रबंधक (राज्य खाद्य निगम, सुपौल), राजपुर पैक्स अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे. 116 पैक्स व 06 व्यापार मंडल को मिली खरीद की अनुमति जिले में निर्धारित तिथि को सरकारी स्तर पर धान खरीद शुरू हो गयी है. 181 पैक्स व 11 व्यापार मंडल में से प्रथम चरण में इस बार 116 पैक्स व 06 व्यापार मंडल को क्रय केंद्र बनाया गया है. आगामी दिनों में इसकी संख्या बढ सकती है. विभागीय निर्देश के अनुसार जो समिति अपने पैक्स का अद्यतन ऑडिट करा कर रिपोर्ट समिट करती है. उन्हें ही क्रय केंद्र के रूप में अनुमति दी जाती है. 2369 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है एमएसपी इस वर्ष सरकारी क्रय केंद्र पर धान बेचने पर किसानों को प्रति क्विंटल 2369 रुपये प्रदान किया जायेगा. यह राशि उनके बैंक खाते में 48 घंटे के भीतर हस्तांतरित कर दी जायेगी. इसके लिए सभी चयनित पैक्स व व्यापार मंडल को एक-एक लाट का सीसी दिया जा चुका है. गौरतलब है कि एक लाट में एक समिति को 10 लाख 11 हजार रुपये कैश क्रेडिट का लाभ दिया गया है. ताकि धान खरीद की रफ्तार में तेजी आये. वहीं किसानों को उनका भुगतान विभागीय निर्देश के आलोक में हो सके. 5,227 किसानों ने कराया निबंधन सरकारी दर पर धान बेचने के लिए जिले के 05 हजार 227 किसानों ने निबंधन कराया है. यह निबंधन धान खरीद तक जारी रहता है. इच्छुक किसान अपना निबंधन करा कर एमएसपी का लाभ ले सकते हैं. हालांकि अब तक जिले को धान खरीद का लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन अधिक से अधिक किसानों से धान क्रय करना सहकारिता का लक्ष्य है. धान खरीद की तिथि 01 नवम्बर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक निर्धारित है. नहीं शुरू हुई है धान की कटनी विभागीय स्तर पर तो जिले में धान खरीद शुरू हो गयी है, लेकिन इलाके में अब तक धान कटनी शुरू नहीं हुई है. किसानों ने बताया कि नवम्बर माह के अंतिम सप्ताह तक धान कटनी में तेजी आयेगी. इसके बाद ही धान खरीद रफ्तार पकड़ेगा. बताया कि धान बेच कर किसान तुरंत रबी फसल की सिंचाई व बुआई में जुट जाते हैं. छोटे किसान भी लें एमएसपी का लाभ : डीसीओ जिला सहकारिता पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि धान खरीद में आमतौर पर बड़े किसान ही धान बेचते हैं. छोटे किसान एमएसपी के लाभ से छूट जाते हैं. ऐसे किसानों से अपील है कि वह भी क्रय केंद्र पर अपना धान बेच कर एमएसपी का लाभ उठाएं. कहा कि क्रय केंद्र पर एक क्विंटल से लेकर अधिकतम 150 क्विंटल तक धान की खरीद की जाती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >