Nepal Protest Impact: वीरपुर (सुपौल). नेपाल में जारी विरोध-प्रदर्शन का असर गुरुवार को लगातार पांचवें दिन भी भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर देखने को मिला. नेपाल के सुनसरी जिले के कप्तानगंज में हुई सांप्रदायिक हिंसा में दो लोगों की मौत के विरोध में हिंदू संगठनों द्वारा किए जा रहे आंदोलन के कारण कोसी बराज पुल पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा.
कोसी बराज पर थमी वाहनों की आवाजाही
प्रदर्शनकारियों ने कोसी बराज पुल के दोनों ओर लकड़ी के बड़े टुकड़े, पत्थर रखकर तथा टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया. इसके कारण भारत और नेपाल के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों एवं मालवाहक वाहनों की आवाजाही रुक गई. दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी.
नेपाल पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
नेपाल आर्म्स पुलिस फोर्स के जवान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए हैं. सुरक्षा बल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. स्थानीय प्रशासन भी हालात पर निगरानी बनाए हुये है.
सीमावर्ती बाजारों पर पड़ा असर
नेपाल बंद का असर सीमावर्ती क्षेत्र के भीमनगर बाजार में भी साफ दिखाई दिया. सामान्य दिनों की तुलना में बाजार में सन्नाटा पसरा रहा. व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित रहीं और दैनिक रोजगार से जुड़े लोगों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा.
शांति बनाए रखने की अपील
Nepal Protest Impact: स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जायेगा.
