राघोपुर (सुपौल) : प्रखंड क्षेत्र के सिमराही स्थित लखीचंद साहू उच्च विद्यालय के खेल मैदान में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित एक जर्जर भवन इन दिनों नशेड़ियों का अड्डा बन गया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि भवन में दिन-रात असामाजिक तत्वों और नशे के आदी युवकों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा है. सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि यह भवन विद्यालय परिसर के समीप स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए पहुंचते हैं.
भवन में मिली नशीले पदार्थों की सामग्री
ग्रामीणों के अनुसार, दर्जनों युवक खुलेआम इस जर्जर भवन में स्मैक, शराब, कफ सिरप, इंजेक्शन सहित विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं. भवन के अंदर और आसपास इस्तेमाल की गई सिरिंज, डिस्पोजेबल सिरिंज, खाली शराब की बोतलें, कफ सिरप की शीशियां, सिगरेट के टुकड़े और अन्य नशीले पदार्थों से जुड़ी सामग्री बिखरी पड़ी है, जो यहां हो रही गतिविधियों की ओर इशारा करती है.
शाम होते ही जुटने लगती है भीड़
स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही यहां नशेड़ियों की भीड़ लगने लगती है. कई बार उनके बीच विवाद और हंगामे की स्थिति भी बन जाती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल रहता है. अभिभावकों ने चिंता जताते हुए कहा कि विद्यालय के पास इस तरह की गतिविधियां बच्चों की सुरक्षा और भविष्य के लिए गंभीर खतरा हैं.
कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है. उनका कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बना यह भवन रखरखाव के अभाव में जर्जर हो चुका है और अब असामाजिक तत्वों का सुरक्षित ठिकाना बन गया है. लोगों ने प्रशासन से भवन को सुरक्षित कराने और नशे के अड्डे पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने जांच का दिया भरोसा
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में गश्त भी बढ़ाई जाएगी. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
