नेपाल में बारिश का असर, कोसी नदी का जलस्तर बढ़ा, 1.5 लाख क्यूसेक पार करने की संभावना

Kosi River Water Level: नेपाल के बराहक्षेत्र में बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कोसी बराज के 17 फाटक खोले गए, प्रशासन ने स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है।

Kosi River Water Level: वीरपुर (सुपौल) में नेपाल के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश का असर अब कोसी नदी पर दिखने लगा है. रविवार को कोसी नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं नेपाल के बराहक्षेत्र में भी जल अधिग्रहण क्षेत्र का जलस्तर तेजी से बढ़ा है. बाढ़ नियंत्रण विभाग का अनुमान है कि यदि ऊपरी क्षेत्रों का पानी इसी तरह आता रहा तो कोसी नदी का डिस्चार्ज 1.5 लाख क्यूसेक के पार पहुंच सकता है. हालांकि विभाग ने फिलहाल तटबंधों को पूरी तरह सुरक्षित बताया है.

कोसी बराज पर बढ़ा पानी, 17 फाटक खुले

बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार शनिवार शाम 6 बजे कोसी नदी का जलस्तर बढ़कर 1,25,970 क्यूसेक दर्ज किया गया. इसके बाद पूरी रात जलस्तर में मामूली उतार-चढ़ाव बना रहा. रविवार सुबह 10 बजे कोसी नदी का डिस्चार्ज बढ़कर 1,30,760 क्यूसेक पहुंच गया. बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कोसी बराज के 17 फाटक खोल दिए गए हैं, ताकि पानी का दबाव नियंत्रित रखा जा सके.

नेपाल के बराहक्षेत्र में भी तेजी से बढ़ रहा जलस्तर

नेपाल स्थित बराहक्षेत्र में रविवार सुबह से जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की गई. सुबह 6 बजे यहां जलस्तर 89,500 क्यूसेक था, जो सुबह 8 बजे बढ़कर 94,100 क्यूसेक और सुबह 10 बजे 96,125 क्यूसेक तक पहुंच गया.

विशेषज्ञों के अनुसार बराहक्षेत्र में बढ़ते जलस्तर का सीधा असर कोसी नदी की मुख्य धारा पर पड़ता है. यही वजह है कि आने वाले घंटों में कोसी नदी का जलस्तर और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

चीफ इंजीनियर बोले- 1.5 लाख क्यूसेक पार कर सकता है जलस्तर

वीरपुर स्थित बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण विभाग के चीफ इंजीनियर संजीव शैलेश ने बताया कि नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में कई स्थानों पर हुई बारिश के कारण बराहक्षेत्र में पानी बढ़ा है. हालांकि अब वहां बादल छंटने लगे हैं और बारिश की संभावना कम हो गई है.

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कोसी नदी का जलस्तर बढ़कर 1.5 लाख क्यूसेक के पार जा सकता है. फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

Kosi River Water Level: तटबंध सुरक्षित, लगातार हो रही निगरानी

बाढ़ नियंत्रण विभाग ने स्पष्ट किया है कि कोसी नदी के सभी तटबंध और स्पर पूरी तरह सुरक्षित हैं. अभियंताओं की टीम लगातार निगरानी कर रही है और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार है. विभाग ने फिलहाल लोगों से घबराने की जरूरत नहीं बताते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम

Also Read: भागलपुर स्टेशन पर शुरू हुआ स्लीपिंग पॉड यात्री निवास की सुविधा, 46 बेड की सुविधा, दो स्पेशल ट्रेनों पर भी बड़ा अपडेट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >