Kosi River Tragedy: सुपौल से विकास कुमार की रिपोर्ट. सुपौल में कोसी नदी ने एक बार फिर दर्दनाक हादसे की कहानी लिख दी. मरौना थाना क्षेत्र के झिंगवा गिदराही गांव में चार दिन पहले नदी में डूबे 19 वर्षीय युवक श्री राम कुमार महतो का शव गुरुवार सुबह नदी के पानी में तैरता मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
सुबह नदी किनारे पहुंचे ग्रामीणों की नजर जैसे ही पानी में उतराते शव पर पड़ी, इलाके में सनसनी फैल गई. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. पहचान होने पर पता चला कि शव उसी युवक का है, जो सोमवार से लापता था.
पूजा विसर्जन के बाद हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार सोमवार को पूजा सामग्री विसर्जन के बाद चार युवक कोसी नदी में स्नान करने उतरे थे. इसी दौरान तेज बहाव और गहरे पानी में फंसकर श्री राम कुमार महतो नदी में डूब गया. उसके साथ मौजूद तीन अन्य युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए थे.
घटना के बाद से ही स्थानीय गोताखोर, ग्रामीण और एनडीआरएफ टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन चार दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था.
शव मिलते ही गांव में पसरा मातम
गुरुवार सुबह शव मिलने के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई. युवक की मां का रो-रोकर बुरा हाल था. परिवार के अन्य सदस्य भी बदहवास हालत में बार-बार बेटे को याद कर फूट-फूटकर रोते रहे. वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.
घटना की सूचना मिलते ही Marauna Police Station के थानाध्यक्ष Raiman Bhaskar पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा.
भागलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया शव
सदर अस्पताल में शव की स्थिति अत्यधिक खराब होने के कारण डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम करने में असमर्थता जताई. इसके बाद सिविल सर्जन Dr Babu Sahab Jha ने तीन सदस्यीय मेडिकल टीम गठित की. जांच के बाद शव को बेहतर परीक्षण और पोस्टमार्टम के लिए Bhagalpur Medical College रेफर कर दिया गया.
घटनास्थल पर अंचलाधिकारी Abhijeet Kumar सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
