कटैया-निर्मली (सुपौल) : पिपरा प्रखंड की पथरा उत्तर पंचायत स्थित प्रसिद्ध कैलाशपुरी मेला परिसर में सोमवार को नागपंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही माता बिषहरी मंदिर और शिव-पार्वती मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही. नागपंचमी और सावन का सोमवार एक साथ पड़ने से इस बार सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक भीड़ रही.
माता बिषहरी मंदिर में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक दूध और लावा अर्पित कर पूजा-अर्चना की. वहीं, शिव-पार्वती मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की. धार्मिक मान्यता है कि माता बिषहरी की पूजा-अर्चना करने से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. इसी आस्था के चलते नागपंचमी के अवसर पर सुपौल के अलावा आसपास के कई जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैलाशपुरी पहुंचे.
भारी भीड़ के बीच पुलिस रही मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मेला परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. मेला समिति के स्थायी अध्यक्ष सह सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहू तथा स्थानीय विधायक रामविलास कामत ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिये.
मेला समिति के उपाध्यक्ष सह पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. थानाध्यक्ष किशोर कुमार और प्रभारी अंचलाधिकारी सुभाषचंद्र चौधरी मेला परिसर में लगातार विधि-व्यवस्था का जायजा लेते रहे. श्रद्धालुओं की भीड़, आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की लगातार नजर बनी रही.
प्रशासन और मेला समिति ने किये विशेष इंतजाम
मेला सचिव सुनील कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासन और मेला समिति की ओर से विशेष व्यवस्था की गयी थी. स्थानीय स्वयंसेवकों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.
उन्होंने बताया कि नागपंचमी के दिन कैलाशपुरी में सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. इस बार सावन का सोमवार भी होने के कारण शिव-पार्वती मंदिर में पूजा करने वालों की संख्या और अधिक रही. मंदिर परिसर में भगैत कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
ठंडे पेयजल के साथ लंगर की व्यवस्था
भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला परिसर में ठंडे पेयजल की विशेष व्यवस्था की गयी थी. इसके अलावा मेला समिति की ओर से लंगर का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं को हलुआ, पूरी और सब्जी प्रसाद के रूप में उपलब्ध कराया गया. भारी भीड़ और गर्मी के बीच पेयजल और भोजन की व्यवस्था से श्रद्धालुओं को राहत मिली. श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर मेला समिति के सदस्य पूरे दिन सक्रिय रहे.
आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे समिति सदस्य
मेले के सफल आयोजन को लेकर स्थानीय मुखिया मशरुदीन, पूर्व मुखिया हेम नारायण मंडल, निर्मली मुखिया हरिनंदन मंडल, सरपंच शिवशंकर मंडल, पूर्व सरपंच ब्रह्मदेव ठाकुर, पैक्स अध्यक्ष अरुण प्रसाद मंडल, सदानंद साह, महेश पासवान, सीताराम पासवान, नवल-किशोर चौधरी, राजकुमार चौधरी, शंभू शरण चौधरी, वासुदेव मंडल, अनिरुद्ध मंडल, राजकुमार निराला सहित अन्य समिति सदस्य और स्थानीय लोग सक्रिय रहे.
