निर्मली. अनुमंडल मुख्यालय स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय काली पूजनोत्सव का समापन मंगलवार की शाम संपन्न हो गया. श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां काली की प्रतिमा को विदाई दी. इस दौरान कन्याओं ने कलश यात्रा में भाग लिया और पूरा शहर जय मां काली के जयघोष से गूंज उठा. प्रतिमा विसर्जन यात्रा पूजा स्थल से शुरू होकर मेन रोड, महावीर चौक, आलू गद्दी, भगत सिंह चौक, रेलवे स्टेशन रोड होते हुए तिलयुगा नदी तक पहुंची, जहां मां काली सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन किया गया. कन्याओं ने माथे पर कलश लेकर यात्रा में हिस्सा लिया और नदी तट पर पहुंचकर जल प्रवाह किया. वहीं नदी के किनारे स्थित भगवान भास्कर की प्रतिमा को भी श्रद्धालुओं ने नम आंखों से विदाई दी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
