– घटना से श्रद्धालुओं में आक्रोश, पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया
– प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
रतनपुर.
रतनपुर थाना क्षेत्र के सातनपट्टी पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 06 स्थित लालमनपट्टी गांव के प्राचीन श्री दयालेश्वरनाथ महादेव मंदिर में सोमवार की देर रात असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है. घटना में मंदिर में स्थापित शिवलिंग सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे क्षेत्र के श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है. सुबह पूजा के दौरान हुआ घटना का खुलासाजानकारी के अनुसार मंगलवार की अहले सुबह मंदिर के पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मंदिर के भीतर शिवलिंग और अन्य प्रतिमाओं को क्षत-विक्षत अवस्था में देखा. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में जुट गए और मामले को लेकर नाराजगी जताई.संदिग्ध व्यक्ति हिरासत में, कई पहलुओं पर जांचग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद मंदिर के आसपास एक संदिग्ध व्यक्ति घूमता हुआ दिखाई दिया. पूछताछ करने पर उसने अपना नाम और पता बताने से इंकार कर दिया. इसके बाद सूचना मिलने पर रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उक्त व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. हालांकि मंदिर समिति और ग्रामीणों का कहना है कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता है. ऐसे में लोगों ने आशंका जताई है कि किसी सुनियोजित साजिश के तहत वास्तविक दोषियों ने घटना को अंजाम देकर उसे घटनास्थल के आसपास छोड़ दिया हो.
पांच माह पहले भी हुई थी दानपेटी चोरीग्रामीणों ने बताया कि लगभग पांच माह पूर्व इसी मंदिर से दानपेटी की चोरी भी हुई थी. लगातार दूसरी घटना ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है. घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल के राष्ट्रीय प्रमुख सुपौल वीरेंद्र कुमार बिमल सहित पवन कुमार मेहता, मुनमुन सिंह, श्री प्रसाद साह, चंदन धर्मराज, मुनमुन झा, आलोक कुमार राज, उदय कुमार, कुंदन कुमार कुशवाहा और अन्य कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंचे व मामले की जानकारी ली. वहीं मंदिर समिति के अध्यक्ष तारानंद झा, विवेकानंद झा, धर्मेंद्र झा, पूर्व मुखिया धर्मेंद्र पासवान, मुखिया सुरेंद्र पासवान, सरपंच दिनेश राम, उपमुखिया प्रमोद शाह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की.एसडीओ-एसडीपीओ ने लिया जायजा, सख्त कार्रवाई का आश्वासनघटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी वीरपुर नीरज कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार तथा पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार चौधरी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने कहा कि मामले की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी. रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि मंदिर समिति की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
