– महिला-बच्चे समेत पांच घायल कटैया-निर्मली. पिपरा-सुपौल मुख्य मार्ग पर कटैया-थुमहा के बीच गुरुवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में एक बच्चे और दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए. हादसे की वजह बाइक चलाते समय ””गुटका”” खाना बताया जा रहा है. त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के पथरा गोड़धेय पंचायत के जागूर वार्ड 11 निवासी पिंटू दास अपनी पत्नी और 5 साल के बच्चे के साथ कटैया से अपने घर लौट रहे थे. त्रिवेणीगंज नगर पंचायत के लालपट्टी निवासी हरे राम पंडित अपनी एक महिला रिश्तेदार को लेकर सुपौल कोर्ट जा रहे थे. कटैया के पास पहुंचते ही पिंटू दास का बाइक चलाने के दौरान खुटका खाने से ध्यान भटका और नियंत्रण खो बैठे. इसी दौरान सामने से आ रही हरेराम पंडित की बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक के पांचों सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे. किसी भी सवार ने हेलमेट नहीं पहना था. जिसके कारण सभी के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आयीं. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. सभी घायलों को सदर अस्पताल, सुपौल पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी. गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई. थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि दोनों बाइक को जब्त कर लिया गया है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाना हादसे का कारण सामने आया है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाइक चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें. खाने-पीने या मोबाइल चलाने जैसी लापरवाही न करें.
गुटका खाने के चक्कर में दो बाइकों में टक्कर
महिला-बच्चे समेत पांच घायल
