Supaul News: सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड में उर्वरक की कालाबाजारी और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचने की शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है. पंचायत समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार उठाई गई शिकायतों के बाद बुधवार को प्रखंड प्रशासन ने सभी उर्वरक विक्रेताओं के साथ विशेष बैठक कर स्पष्ट संदेश दिया कि भंडारण और वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ई किसान भवन में आयोजित बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) डॉ राकेश गुप्ता ने कहा कि सभी उर्वरक विक्रेता सरकार द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें. उन्होंने चेतावनी दी कि स्टॉक में गड़बड़ी, पॉश मशीन का उपयोग नहीं करने या निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.
पंचायत समिति की बैठक के बाद प्रशासन हरकत में
हाल के दिनों में किसानों और जनप्रतिनिधियों की ओर से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ उर्वरक विक्रेता निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेच रहे हैं.
इसके अलावा पॉश मशीन से बिल निकालने के बावजूद किसानों को बिल नहीं देने और स्टॉक में पारदर्शिता नहीं रखने के आरोप भी लगाए गए थे. इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड प्रशासन ने सभी विक्रेताओं की बैठक बुलाई.
बीडीओ ने दिए सख्त निर्देश
बैठक में बीडीओ डॉ राकेश गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक उर्वरक दुकान पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाया जाए.
उन्होंने निर्देश दिया कि सूचना पट्ट पर प्रतिदिन उपलब्ध उर्वरक की मात्रा और उसकी निर्धारित कीमत स्पष्ट रूप से लिखी जाए, ताकि किसान सही जानकारी प्राप्त कर सकें और किसी प्रकार की धोखाधड़ी की संभावना न रहे.
पॉश मशीन से ही होगा खाद वितरण
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी उर्वरकों का वितरण अनिवार्य रूप से पॉश मशीन के माध्यम से किया जाएगा.
बीडीओ ने कहा कि पॉश मशीन और स्टॉक पंजी में दर्ज मात्रा का मिलान होना आवश्यक है. यदि किसी विक्रेता के पास दर्ज स्टॉक से अधिक उर्वरक पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
किसानों से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया गया
बैठक में बीडीओ ने कहा कि पंचायत समिति की बैठक में किसानों से संबंधित शिकायतें जोर-शोर से उठाई गई थीं.
उन्होंने सभी कृषि समन्वयकों और उर्वरक विक्रेताओं को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित व्यक्ति को कठोर प्रशासनिक कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा.
प्रखंड में उपलब्ध है पर्याप्त उर्वरक
बैठक में प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) कुंदन कुमार ने बताया कि 29 जुलाई की स्थिति में छातापुर प्रखंड के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है.
उन्होंने बताया कि यूरिया 836 एमटी, मिक्सचर 683 एमटी, डीएपी 556 एमटी और पोटाश 179 एमटी उपलब्ध है, जिसे सक्रिय विक्रेताओं के माध्यम से किसानों के बीच वितरित किया जाना है.
कालाबाजारी करने वालों को चेतावनी
बीएओ ने कहा कि कालाबाजारी करने वाले विक्रेता सचेत हो जाएं.
उन्होंने स्पष्ट किया कि भंडारण और वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा. प्रशासनिक निगरानी बढ़ाई जाएगी और आवश्यक होने पर निरीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा.
Supaul News: बैठक में कई अधिकारी और विक्रेता रहे मौजूद
बैठक में बीएओ कुंदन कुमार, सभी कृषि समन्वयक तथा प्रखंड क्षेत्र के अधिकांश उर्वरक विक्रेता उपस्थित रहे.
इसके अलावा पंकज कुमार भगत, सरोज कुमार सिंह, लड्डू पोद्दार, रमेश गायम, रामकुमार मेहता, अनिल राउत और जयप्रकाश साह सहित कई विक्रेताओं ने भी बैठक में भाग लिया.
प्रशासन का मानना है कि पारदर्शी वितरण व्यवस्था लागू होने से किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध होगी और कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा.
Also Read: Bihar Student Protest: जेल से बाहर आए तेज प्रताप यादव, सरकार के आदेश के बाद मिली जमानत
