राघोपुर. थाना क्षेत्र के गद्दी धरहरा मार्ग पर मंगलवार की देर शाम एक लूट की घटना सामने आयी है. बाइक सवार दो बदमाशों ने एक दंपति से मोबाइल छीन लिया. लूट के दौरान बदमाशों द्वारा बाइक को धक्का देने से दंपति असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े, जिससे महिला को गंभीर चोटें आयी है. घटना के संबंध में जानकारी देते हुए घायल महिला कल्पना स्वराज के पति धर्मेंद्र कुमार, निवासी करहिया वार्ड संख्या 09, थाना किशनपुर, ने बताया कि वे अपनी पत्नी के साथ बाइक से गद्दी स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे. इसी दौरान ईंट भट्ठा के समीप एक अन्य बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आए और उनकी पत्नी के हाथ से मोबाइल झपट लिया. जब वे बदमाशों का पीछा करने लगे तो युवकों ने उनकी बाइक में लात मार दी, जिससे बाइक असंतुलित होकर गिर गई और दोनों घायल हो गए. घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों की मदद से दोनों को राघोपुर रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया. पीड़ित धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने एसपी को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद राघोपुर पुलिस की ओर से उनसे संपर्क कर आवेदन देने को कहा गया. इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है. आवेदन प्राप्त होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
