राघोपुर (सुपौल) से आशुतोष झा की रिपोर्ट: न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर जाने वाली ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ के पहली बार राघोपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला. जैसे ही आधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन स्टेशन पर आकर रुकी, वहां मौजूद लोगों ने ताली बजाकर अपनी खुशी जाहिर की और इस सौगात के लिए रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया.
यह रहेगा ट्रेन का शिड्यूल
रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, इस नई ट्रेन का परिचालन सप्ताह में एक-एक दिन दोनों दिशाओं से किया जाएगा:
- गाड़ी संख्या 14664 (अमृतसर–न्यू जलपाईगुड़ी): यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को अमृतसर से रवाना होगी.
- गाड़ी संख्या 14663 (न्यू जलपाईगुड़ी–अमृतसर): यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को न्यू जलपाईगुड़ी से संचालित की जाएगी.
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
यह एक्सप्रेस ट्रेन पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के कई महत्वपूर्ण शहरों और स्टेशनों को आपस में जोड़ती है. इसके रूट में मुख्य रूप से शामिल हैं:
लुधियाना, अंबाला कैंट, मुरादाबाद, गोंडा, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, सकरी, झंझारपुर, निर्मली, सरायगढ़, राघोपुर, नरपतगंज, फारबिसगंज, अररिया, ठाकुरगंज, बागडोगरा और सिलीगुड़ी.
व्यापार, शिक्षा और रोजगार को मिलेगी गति
स्थानीय नागरिकों और बुद्धिजीवियों का कहना है कि यह ट्रेन सीमांचल, कोसी और मिथिला क्षेत्र के विकास के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी. राघोपुर और इसके आसपास के इलाकों के लोगों को अब अमृतसर, गोरखपुर और सिलीगुड़ी जैसे बड़े शहरों के लिए सीधे रेल सेवा मिल गई है. यात्रियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले लंबी दूरी का सफर तय करने के लिए उन्हें दूसरे बड़े स्टेशनों पर जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी. अब नजदीकी स्टेशन से ही आधुनिक सुविधाओं वाले कोच और बेहतर सीटिंग अरेंजमेंट मिलने से सफर आरामदायक और सुगम हो जाएगा. लोगों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में राघोपुर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा.
