राघोपुर: क्षेत्र विस्तार योजना के तहत कोसी क्षेत्र में 50 हजार नारियल के पौधे लगाये जायेंगे. नारियल विकास बोर्ड द्वारा किसानों को ये पौधे मुफ्त में उपलब्ध कराये जायेंगे. यह बातें कृषि मंत्रलय द्वारा संचालित नारियल विकास बोर्ड के निदेशक डॉ जीके सिंह ने रविवार को सिमराही दौरे के क्रम में कहीं.
आयुर योग रिसर्च फाउंडेशन में प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि विगत पांच-सात वर्षो में नारियल विकास बोर्ड का कार्य इस क्षेत्र में धीमा पड़ गया था. इसमें अब गति लायी जा रही है. नारियल का पौधा मुफ्त में प्राप्त करने हेतु किसान अपना आवेदन जिला उद्यान पदाधिकारी को देंगे. बोर्ड को आवेदन प्राप्त होने के बाद किसानों को नारियल का पौधा उपलब्ध कराया जायेगा.
किसानों को पौधे के रख-रखाव के लिए दूसरे वर्ष प्रति पौधे के लिए 20 रुपये दिये जायेंगे. निदेशक ने बताया कि किसानों के हित में वर्मी कंपोस्ट, इंटर क्रॉप सहित कई अन्य योजनाएं बोर्ड द्वारा चलायी जा रही हैं. पटना में बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय के निर्माण के लिए पुन: स्वीकृति मिल गयी है. मालूम हो कि वर्ष 2002 में क्षेत्रीय कार्यालय के निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा पटना में जमीन उपलब्ध करायी गयी थी. भवन की चहारदीवारी निर्माण का कार्य भी हो गया था, बाद में निर्माण कार्य ठंडे बस्ते में चला गया. मौके पर उपस्थित बीज उत्पादक परिक्षेत्र सिंहेश्वर के सहायक निदेशक ईश्वर चंद कटियार ने बताया कि फिलवक्त फार्म में करीब दो लाख नारियल के पौधे उपलब्ध हैं. किसानों के लिए सरकारी निर्धारित दर पर आम, कटहल, लीची आदि के पौधे भी सिंहेश्वर स्थित केंद्र में उपलब्ध हैं. किसानों को इसका भरपूर लाभ उठाना चाहिए. इस अवसर पर ग्राम भारती के संतोष कुमार भी मौजूद थे.
