पटना/सुपौल : सुपौल में रविवार को सहरसा जाते समय पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की ओर से समाजवादी चिंतक राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण और फिर उसे युवा राजद कार्यकर्ताओं की ओर से धुलने का विवाद सोमवार को गहरा गया है. मजिस्ट्रेट के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ सदर थाना में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है.
थाना प्रभारी राजकिशोर बैठा ने कहा है कि छात्र राजद के जिलाध्यक्ष मनोज आर्य, लोहिया विचार मंच के प्रमंडलीय अध्यक्ष दुखी लाल यादव और मुकेश के खिलाफ शांति व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में केस दर्ज किया गया है. एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
विप में भी गूंजा मामला : उधर, यह मामला सोमवार को विधान परिषद में भी गूंजा. एमएलसी महाचंद्र प्रसाद सिंह ने इसे महादलित पूर्व सीएम का अपमान बताये जाने पर सभापति ने महाचंद्र से पटल पर रखने को कहा. इसके बाद भाजपा सदस्य सरकार विरोधी नारे लगाने लगे.
