28 किलोग्राम गांजा जब्त, तस्कर फरार

सुरक्षा दल को देखते ही दोनों संदिग्ध व्यक्ति बोरी को मौके पर छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गए

वीरपुर. एसएसबी 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी राजपुरा द्वारा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में नाका ड्यूटी के दौरान मादक पदार्थ गांजा की एक महत्वपूर्ण जब्ती की गई. इस संबंध में जानकारी देते हुए 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा चौकी राजपुरा के जिम्मेवारी क्षेत्र अंतर्गत सीमा स्तम्भ संख्या 225/1 के समीप मादक पदार्थ की तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी. प्राप्त सूचना के आधार पर सीमा चौकी राजपुरा द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाका पार्टी का गठन किया गया. सीमा स्तम्भ संख्या 225/1 के समीप संदिग्ध मार्ग पर घात लगाकर निगरानी की गई. कुछ समय पश्चात सुरक्षा दल ने देखा कि दो व्यक्ति अपने सिर पर बोरी में सामान लेकर छुपावदार रास्ते से नेपाल से भारत की ओर नदी मार्ग के माध्यम से प्रवेश कर रहे थे. सुरक्षा दल को देखते ही दोनों संदिग्ध व्यक्ति बोरी को मौके पर छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गए. मौके पर छोड़ी गई बोरी की तलाशी लेने पर उसमें गांजा जैसा मादक पदार्थ पाया गया. विधिवत जांच एवं तौल करने पर बरामद मादक पदार्थ गांजा होना पाया गया. जिसका कुल वजन 28.05 किलोग्राम था. आवश्यक कानूनी कार्रवाई उपरांत बरामद गांजा को डगमरा थाना पुलिस को सौंप दिया. इस कार्रवाई में सशस्त्र सीमा बल के सहायक उप निरीक्षक गुरुदेव सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >