नवहट्टा : प्रखंड क्षेत्र के डरहार पंचायत के गोविंदपुर वार्ड नंबर 5 में सोमवार की रात्रि भीषण आग लगने से 7 परिवार के दर्जनों घर एवं आधा दर्जन से अधिक मवेशी जलकर राख हो गये. गोविंदपुर वार्ड नंबर 5 निवासी सतन यादव, उपेंद्र यादव, गंगा यादव, प्रमोद यादव, मुशहरू यादव, भरोसी यादव, रूपम देवी, उमेश यादव के घर में अलाव से आग लगने के कारण आवास, घर सहित मवेशी घर भी जलकर राख हो गया.
मध्य रात्रि में आग लगने के कारण अग्नि पीड़ित परिवार के घर से एक तिनका भी बचाना संभव नहीं हो पाया. हालांकि चार से छह घंटे के बाद ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया. घर में रखा 10 भरी से अधिक सोना की ज्वेलरी एवं चांदी की ज्वेलरी भी आग में जलकर बर्बाद हो गयी. स्थानीय लोगों ने बताया कि अग्नि पीड़ित परिवार के घर में शादी करने के लिए बच्ची भी थी. जिसकी तैयारी भी वर्षों से की जा रही थी.
जिसके लिए घर में रखे नये कपड़े व लकड़ी के सामान सहित सभी जलकर राख हो गया. मौके पर स्थानीय हरेराम यादव, उमेश यादव ने बताया कि मध्य रात्रि में आग लगी. जहां लोग सिर्फ अपनी जान बचाकर भाग निकले. जिसमें सात मवेशी की झुलस कर मौत हो गयी. वहीं अग्नि पीड़ित परिवार की एक महिला भी बुरी तरह से जख्मी है.
अंचलाधिकारी ने पीड़ित के घर पहुंच कर दी सहायता राशि: आग से बेघर हुए दर्जनों परिवार के लोगों को मंगलवार को अंचलाधिकारी अबू अफसर ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार के घर से उनका खाता नंबर लेकर 98,100 रूपये आरटीजीएस के माध्यम से प्रदान किया.
वहीं अंचलाधिकारी ने अपने कर्मी से बात पर पीड़ित परिवार को प्लास्टिक भी उपलब्ध करवाया और हर संभव सहायता देने की बात कही. अंचलाधिकारी अबू अफसर ने बताया कि अग्नि पीड़ित परिवार के साथ मवेशी मरे हैं. उसके लिए तस्वीर के साथ रिपोर्ट भेजी जा रही है. पीड़ित परिवार को लगभग एक मवेशी पर ₹25000 की दर से राशि प्रदान की जायेगी. जिसमें कुछ समय लगेगा. विभाग की कार्यवाही शुरू कर दी गयी है.
अग्नि पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर जनप्रतिनिधियों ने किया सहयोग: डरहार पंचायत के वार्ड नंबर 5 गोविंदपुर में लगी आग से दर्जनों घर की तबाही पर पंचायत के मुखिया सहित क्षेत्रीय जिला पार्षद रोजी खान ने पहुंचकर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.
पूर्व बीडीओ गौतम कृष्ण, जिला पार्षद प्रतिनिधि मंसूर खान ने अंचल अधिकारी से बात कर हर पीड़ित परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना मुहैया कराने की मांग की. मौके पर मुखिया प्रतिनिधि रामविलास यादव, खुर्शीद आलम, राहुल मुखिया, सदानंद यादव, रेवती रमन यादव, कमल नारायण गुप्ता, मो बौआ, छोटू यादव सहित अन्य मौजूद थे.
फूस के तीन घर जले
कहरा. प्रखंड के बनगांव उत्तरी पंचायत के बभनगामा टोले पर मंगलवार को अज्ञात कारणों से आग लगने से कुमकुम देवी, रोहित कामत और अमित कामत का घर जल गया. घर के जलने से घर में रखी नगदी सहित हजारों रूपये के उपयोगी सामान भी जल गया.
चूल्हे की चिंगारी से चार घर व सामान जले
बीडीओ, एएसआई ने ग्रामीणों की मदद से पाया आग पर काबू, मुआवजे का दिया भरोसा
पतरघट. धबौली पश्चिम पंचायत के अंतर्गत कहरा बस्ती स्थित वार्ड नंबर तीन में मंगलवार को एक घर में खाना बनाने के दौरान चूल्हे की चिंगारी से आग लगने के कारण चार घर सहित उसमें रखे सारे सामान जल कर राख हो गये. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उपेन्द्र कामत के घर में खाना बनाने के दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी से उसके घर में आग पकड़ लिया.
जब तक परिजन एवं ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक पड़ोसी पूनम देवी, देवकी देवी एवं बृहस्पति देवी के घरों को अपने आगोश में ले लिया था. जिसकी चपेट में आकर उसमें रखे सारे सामान जल कर राख हो गये. पीड़ित गृहस्वामी ने तीन लाख से अधिक की संपत्ति की क्षति बतायी. घर में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया नवल-किशोर चौधरी, पैक्स अध्यक्ष मुकेश कुमार मिश्रा सहित अन्य ने बीडीओ, सीओ एवं अग्निशामक केंद्र को सूचना दी.
बीडीओ दीपक राम, एएसआई हरिशंकर चौधरी पुलिस बल के साथ कहरा बस्ती पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाते आसपास के अन्य घरों को जलने से बचाया. इस बाबत बीडीओ दीपक राम ने बताया कि राजस्व कर्मचारी को स्थलीय निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित गृहस्वामी को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध करायी जायेगी.
