सड़क हादसा: बाइक की ठोकर से 13 वर्षीय बच्ची की मौत, तीन नाबालिग घायल

रमजान में सेहरी के बाद घूमने निकले थे बच्चे

– रमजान में सेहरी के बाद घूमने निकले थे बच्चे सुपौल. सदर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय बच्ची सजदा प्रवीण की मौत हो गई, जबकि तीन नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह घटना सदर थाना गेट के समीप सुबह करीब 05 बजे उस समय हुई. जब तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सवार दो युवकों ने सड़क किनारे मौजूद बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया. जानकारी के अनुसार नगर परिषद वार्ड नंबर 23 निवासी मो आजाद की 13 वर्षीय पुत्री को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मृतका की मां बीबी जुबेदा खातून सहित परिवार के अन्य सदस्यों में गहरा शोक व्याप्त है और पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल है. इस हादसे में नगर परिषद वार्ड नंबर 23 निवासी मो सलीम के 12 वर्षीय पुत्र मो सैफ भी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे भी तत्काल सदर अस्पताल सुपौल लाया गया. जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. परिजनों के अनुसार रमजान का पवित्र महीना चल रहा है. सेहरी करने के बाद सजदा प्रवीण और मो सैफ सुबह घर से बाहर टहलने के लिए निकले थे. इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक सवार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें सजदा प्रवीण की मौत हो गयी. मो सैफ घायल हो गया. दुर्घटना में बाइक सवार दोनों नाबालिग भी घायल हो गए. उनकी पहचान गोठ बरुआरी पंचायत वार्ड नंबर 06 कैंप टोला निवासी लोचन मंडल के पुत्र दिलखुश कुमार और उसी टोला निवासी रूना लाल ठाकुर के पुत्र कन्हैया कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दिलखुश कुमार अपने बड़े भाई कृष्णा को सुपौल रेलवे स्टेशन छोड़कर घर लौट रहा था. इसी दौरान सदर थाना गेट के पास बाइक अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक नाबालिग लड़की की मौत हो गई है, जबकि एक लड़का गंभीर रूप से घायल है. बाइक पर सवार दोनों का इलाज पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में चल रहा है. बाइक को जब्त कर लिया गया है. बताया कि मृतका के मां द्वारा दिये गये आवेदन को यातायात थाना को भेज दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >