सिमराही में SIR और जाम पर प्रशासन सख्त, SDM ने जनप्रतिनिधियों को दिए अहम निर्देश

सिमराही नगर पंचायत में मतदाता सूची से नाम हटने और लगातार लगने वाले जाम की समस्या पर एसडीएम विनय कुमार ने जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की. उन्होंने पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने और जाम मुक्त बाजार बनाने के लिए सहयोग की अपील की.

Supaul News: सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड में शनिवार की शाम आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सिमराही नगर पंचायत की जाम, अतिक्रमण और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से नाम हटने की शिकायतों पर विस्तार से चर्चा हुई. वीरपुर के एसडीएम विनय कुमार ने टीसीपी भवन में जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट किया कि यदि नेपाल मायका वाली महिलाएं भारतीय नागरिक हैं और मतदाता बनने की सभी निर्धारित अर्हताएं पूरी करती हैं, तो उनका नाम पुनः मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा. उन्होंने संबंधित दस्तावेजों के साथ आवेदन सोमवार शाम तक प्रखंड कार्यालय में जमा कराने का निर्देश दिया.

बैठक में नगर पंचायत सिमराही की लगातार बनी रहने वाली जाम की समस्या, बाजार प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं पर भी चर्चा हुई. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उद्देश्य किसी का रोजगार प्रभावित करना नहीं, बल्कि बाजार को व्यवस्थित कर आम लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराना है.

SIR के दौरान कटे नामों पर प्रशासन का महत्वपूर्ण निर्देश

बैठक में विशेष रूप से उन महिलाओं के मामलों की समीक्षा की गई जिनका मायका नेपाल में है और जिनका नाम विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से हट गया है. एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि पात्र भारतीय नागरिकों का नाम किसी भी स्थिति में मतदाता सूची से स्थायी रूप से बाहर नहीं रहना चाहिए.

उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि ऐसे मामलों की जानकारी अपने-अपने क्षेत्रों से एकत्र करें और संबंधित महिलाओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रपत्र भरवाकर सोमवार शाम तक प्रखंड कार्यालय में जमा कराएं. इसके बाद नियमानुसार जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

कोई भी वास्तविक मतदाता वंचित न रहे

एसडीएम ने बैठक में कहा कि प्रशासन चाहता है कि कोई भी वास्तविक और पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे. इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है.

उन्होंने मुखियाओं और वार्ड पार्षदों से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर ऐसे मामलों की पहचान करें और पात्र लोगों को आवेदन प्रक्रिया में हरसंभव सहायता प्रदान करें.

सिमराही बाजार के जाम पर हुई विस्तृत चर्चा

बैठक में नगर पंचायत सिमराही में लगातार लगने वाले जाम की समस्या पर भी विस्तार से चर्चा हुई. एसडीएम ने कहा कि प्रशासन बाजार को जाममुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चला रहा है, लेकिन स्थायी समाधान तभी संभव है जब दुकानदार, वाहन चालक और आम नागरिक भी नियमों का पालन करें.

उन्होंने सड़क किनारे अतिक्रमण नहीं होने देने, निर्धारित स्थानों पर ही दुकान लगाने और यातायात नियमों के पालन को लेकर जनजागरण अभियान चलाने की बात कही.

प्रशासन का उद्देश्य रोजगार नहीं, व्यवस्था सुधारना

एसडीएम विनय कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य किसी का रोजगार छीनना नहीं है. बाजार में अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आम लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों और आपातकालीन सेवाओं को भारी परेशानी होती है.

उन्होंने कहा कि यदि बाजार व्यवस्थित होगा तो व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को लाभ मिलेगा और पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी.

जनप्रतिनिधियों ने सहयोग का दिया भरोसा

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक किया जाएगा और प्रशासनिक अभियानों में सहयोग किया जाएगा.

Supaul News: कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार यादव, अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, नगर पंचायत सिमराही की उप मुख्य पार्षद विनीता देवी, वार्ड पार्षद गोपीकांत झा, स्मृति कुमारी, मो हैयुम, मो नसीम, गणेश दास, बबलू सादा, राजाराम मेहता, धीरेंद्र राम, विभिन्न पंचायतों के मुखिया भूपेंद्र मेहता, रामचंद्र यादव, कमलेश साह, शैलेंद्र यादव तथा प्रतिनिधि मो अखलाक, सागर यादव, प्रमोद साह, प्रकाश चौधरी, विनय भगत, रिंकू भगत, मो अकरम सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.

Also Read: TRE-4 के लिए BPSC को भेजा गया प्रस्ताव हुआ वापस, क्या अब होगा आंदोलन? शोभा अहोतकर से लगाई उम्मीद

Also Read: Financial Package For Bihar: केंद्र सरकार ने बिहार को दिए 10,845 करोड़ रुपये, जानिए आम लोगों को क्या मिलेगा फायदा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशुतोष झा

आशुतोष झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. राघोपुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >