Road Accident: सीवान-मैरवा मुख्य मार्ग पर तितरा ब्रह्मस्थान के समीप शनिवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान तितरा गांव निवासी 30 वर्षीय नागेंद्र चौहान, पिता भिरगु चौहान के रूप में हुई है. हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे तथा दुर्घटना के जिम्मेदार चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया. करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
सब्जी लेकर घर लौट रहे थे नागेंद्र
बताया जाता है कि नागेंद्र चौहान राजमिस्त्री का काम करते थे. शनिवार की शाम काम खत्म करने के बाद वह तितरा बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान तितरा ब्रह्मस्थान के समीप गांव के ही रंजन कुमार की बुलेट मोटरसाइकिल से उनकी टक्कर हो गयी.
हादसे में नागेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गये. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जीरादेई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मौत की सूचना पर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
नागेंद्र की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गये. लोगों ने सीवान-मैरवा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और दुर्घटना के जिम्मेदार चालक की गिरफ्तारी के साथ उचित मुआवजे की मांग करने लगे. सड़क जाम होने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गयी और करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा.
बीडीओ ने सहायता का दिया आश्वासन
सड़क जाम की सूचना मिलने पर जीरादेई बीडीओ धीरज दुबे मौके पर पहुंचे. उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की. बीडीओ ने सरकारी प्रावधान के तहत तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध करायी और आगे भी नियमानुसार सहायता दिलाने का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया.
पुलिस ने संभाली स्थिति, यातायात हुआ सामान्य
इधर, मैरवा इंस्पेक्टर रत्नेश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. जाम हटने के बाद सीवान-मैरवा मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य हुआ.
मौके पर पूर्व मुखिया विनोद तिवारी, पूर्व मुखिया हरेंद्र सिंह, बसपा जिलाध्यक्ष धुरेंद्र राम, प्रो. मनोज यादव और विद्युभूषण कुशवाहा समेत कई लोग मौजूद थे.
