सीवान: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सरसर गांव में घर में घुसकर मारपीट, अभद्र व्यवहार और छिनतई का मामला सामने आया है. मामले में एक महिला ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर गांव के ही रामु यादव, अमित यादव, संदीप कुमार और अनिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है.
पीड़िता ने पुलिस को दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि 29 जुलाई को वह अपने घर पर मौजूद थी. इसी दौरान चारों आरोपित कथित रूप से जबरन घर में घुस आये और गाली-गलौज करने लगे. महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि अमित यादव और संदीप कुमार ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और उसके कपड़े फाड़ दिये.
बचाव के लिए पहुंची महिला से भी मारपीट का आरोप
पीड़िता के अनुसार, शोर सुनकर जब एक अन्य महिला बचाव के लिए मौके पर पहुंची, तो आरोपितों ने उसके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की. आवेदन में अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है.
पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसके गले से सोने का मंगलसूत्र भी छीन लिया गया.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू
मुफस्सिल थाना पुलिस ने महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों एवं आरोपों का सत्यापन किया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
