Siwan News: भगवानपुर हाट प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है. सोमवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद डेहरी महादलित बस्ती में गंभीर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. कई घरों में पानी घुस जाने से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है. सबसे अधिक परेशानी भोजन बनाने, आने-जाने और छोटे बच्चों की देखभाल को लेकर हो रही है.
स्थानीय ग्रामीण धर्मेंद्र राम, धीरज कुमार, धनंजय राम, उपेंद्र राम, जयप्रकाश कुमार, सनी कुमार, गीता देवी, लक्ष्मीना देवी और आरती देवी सहित अन्य लोगों ने बताया कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति बन जाती है. तेज बारिश होते ही पूरी बस्ती जलमग्न हो जाती है और कई घरों में पानी भर जाता है. इससे चूल्हा जलाना तक मुश्किल हो जाता है और भोजन बनाने में भारी दिक्कत होती है.
ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती से वर्षा जल की निकासी के लिए आज तक न तो पुल का निर्माण कराया गया है और न ही पुलिया या समुचित नाला बनाया गया है. इसी कारण बारिश का पानी कई दिनों तक जमा रहता है, जिससे लोगों को जलजमाव के बीच रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है.
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से दुर्गंध फैलने लगती है, जिससे डायरिया, डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. उन्होंने प्रशासन से बस्ती में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था, पुलिया एवं नाला निर्माण कराने तथा प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की है.
ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो पूरे बरसात के मौसम में उन्हें इसी तरह की कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
