Siwan News: बड़हरिया थाना क्षेत्र की हरदोबारा पंचायत के सरपंच सह यू-ट्यूबर विनोद कुशवाहा का शव गुरुवार की भोर में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद उनके पैतृक गांव बभनबारा पहुंचा. शव पहुंचते ही परिजनों के विलाप से पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, राजनीतिक नेता, समाजसेवी और ग्रामीण भी मृतक के आवास पर पहुंच गये.
पुलिस बल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष
गुरुवार सुबह बड़हरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार, अपर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार तिवारी समेत पुलिस बल मृतक के घर पर मौजूद रहा. पुलिस प्रशासन की ओर से परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए राजी कराने का प्रयास किया गया, लेकिन परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया. इससे गांव में स्थिति गतिरोधपूर्ण बनी रही.
एसपी से एसआइटी गठित करने की मांग
परिजनों और ग्रामीणों की मांग है कि पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वयं घटनास्थल पर पहुंचें और मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन करें. परिजनों का कहना है कि एसपी की ओर से निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिलने के बाद ही शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा. वहीं, आश्वासन नहीं मिलने पर शव को थाना चौक पर रखकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गयी है.
परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का लगाया आरोप
परिजनों का आरोप है कि किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन के माध्यम से विनोद कुशवाहा को गाजीपुर बुलाया था, जहां उनकी हत्या कर दी गयी. परिजनों का यह भी आरोप है कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित राजवाड़ी-औड़िहार रेलवे ट्रैक के समीप एक पेड़ से लटका दिया गया.
हालांकि, परिजनों द्वारा लगाये गये हत्या संबंधी आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना की वास्तविक वजह सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
मंगलवार शाम मिली थी मौत की सूचना
परिजनों के अनुसार, मंगलवार शाम पुलिस ने उन्हें विनोद कुशवाहा की मौत की सूचना दी थी. इसके बाद बुधवार को परिजन गाजीपुर पहुंचे. पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार तड़के शव को पैतृक गांव बभनबारा लाया गया.
स्थानीय पुलिस की कार्यशैली से नाराजगी
शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली और व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जतायी. परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्चस्तरीय हस्तक्षेप जरूरी है. समाचार लिखे जाने तक शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका था. बताया जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक तथा पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा के पहुंचने के बाद दोपहर करीब दो बजे के बाद अंतिम संस्कार किये जाने की संभावना है.
मृतक के घर जुटे जनप्रतिनिधि और ग्रामीण
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के आवास पर विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल, रालोमो नेता हेमंत कुशवाहा, भाजपा नेता अनुरंजन मिश्र, जिला पार्षद विनोद सिंह, सरपंच संघ अध्यक्ष झगरु यादव, उपाध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव, बीडीसी सदस्य जुनैद रिजवी, पैक्स अध्यक्ष संतोष यादव, मुखिया फसीहुजम्मा, पूर्व मुखिया सीताराम मांझी, रामबालक सिंह, जदयू नेता गुड्डू सिंह, उपमुखिया सुजीत साह, जाकिर हुसैन, आदर्श पांडेय, रामबाबू यादव, मनोज कुशवाहा सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे.
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
